दिघलबैंक बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. इसी क्रम में दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा को 3 नवंबर से 7 नवंबर तक पूरी तरह सील कर दिया गया है. इस दौरान दोनों देशों के बीच आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट प्रियरंजन चकमा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए यह कदम उठाया गया है. उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों को विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.सीमा के सभी मार्गों पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्ती बढ़ा दी गई है. साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी, वाहन जांच अभियान और पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है. बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी बप्पी ऋषि ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सीमा पार शराब, नकदी और अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से उम्मीद की जा रही है कि सीमावर्ती इलाकों में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न होंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
