आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच में मिली खामियां, सेविकाओं को सुधार की कड़ी हिदायत

आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच में मिली खामियां, सेविकाओं को सुधार की कड़ी हिदायत

जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने किया पोआखाली और छत्तरगाछ क्षेत्र का औचक निरीक्षण

पहाड़कट्टा. जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अंकिता कुमारी ने शनिवार को प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान कई केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पायी गयी, जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधित सेविकाओं को जमकर फटकार लगायी व नियमों के अनुसार केंद्र संचालन के सख्त निर्देश दिए.

पांच केंद्रों की हुई जांच

अंकिता कुमारी ने सुबह लगभग 11 बजे से अपना निरीक्षण अभियान शुरू किया. उन्होंने छत्तरगाछ के पुराना पंचायत भवन स्थित केंद्र संख्या 150, वार्ड संख्या-1 के केंद्र संख्या 144, खानका बागान टोला स्थित केंद्र संख्या 145, अठियाबाड़ी गांव के केंद्र संख्या 148 व गेरामारी गांव स्थित केंद्र संख्या 152 का जायजा लिया. इस दौरान बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण की स्थिति, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता व अन्य विभागीय गतिविधियों की बारीकी से जांच की गयी.

बालिका सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावा उन्होंने छत्तरगाछ बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय व रायपुर पंचायत के डॉ कलाम कृषि महाविद्यालय (अर्राबाड़ी) परिसर में बने बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया. सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि छात्रावास में कार्यरत सभी पुरुष कर्मियों के दस्तावेज स्थानीय पुलिस थाने में अनिवार्य रूप से जमा कराए जाएं. वहीं, कस्तूरबा विद्यालय की शिक्षिकाओं ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए छात्रावास की बाउंड्री वॉल (चाहरदीवारी) की ऊंचाई बढ़ाने का प्रस्ताव रखा.

भवन हस्तांतरण की मांग

निरीक्षण के दौरान केंद्र संख्या 150 की सेविका रुवावती देवी ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनका केंद्र वर्षों से पुराने पंचायत भवन में चल रहा है. उन्होंने मांग की कि इसे जल्द से जल्द नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन में स्थानांतरित किया जाए. निरीक्षण के अंत में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अंकिता कुमारी ने बताया कि हालांकि अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक थीं, लेकिन जहां कमी पायी गयी है, वहां सुधार के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सेविकाओं द्वारा उठाई गई जायज समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >