महानंदा नदी में डूबने से मछली पकड़ने गए युवक की मौत

महानंदा नदी में डूबने से मछली पकड़ने गए युवक की मौत

बुधवार दोपहर से लापता था रायपुर पंचायत का वियोया किस्कू. शव देख परिजनों में मचा कोहराम

पहाड़कट्टा. पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत महानंदा नदी में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान रायपुर पंचायत के वार्ड संख्या-4, आदिवासी टोला निवासी वियोया किस्कू (36 वर्ष), पिता बाबू राम किस्कू के रूप में की गयी है. इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मछली मारने की बात कहकर घर से निकला था युवक

मृतक की पत्नी फूलमनी मरांडी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उनके पति मछली मारने की बात कहकर घर से निकले थे. जब देर रात तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी. रातभर काफी खोजबीन की गयी, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला.

पैरों के निशानों ने खोला लापता होने का राज

गुरुवार सुबह करीब आठ बजे लापता वियोया किस्कू का भांजा तोलाई मरांडी नदी की ओर गया था. वहां उसने किनारे पर पैरों के ताजे निशान देखे. उसी दिशा में खोजबीन की गयी तो महानंदा नदी में वियोया किस्कू का शव औंधे मुंह पड़ा मिला. परिजनों ने आशंका जतायी है कि मछली मारने के दौरान अत्यधिक ठंड व अंधेरे के कारण संतुलन बिगड़ने से वे नदी में गिर गए होंगे व डूबने से उनकी मौत हो गयी.

पुलिस ने शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी. अर्राबाड़ी थाना प्रभारी कनक लता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं व ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकाला. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया है.

थानाध्यक्ष ने जताया गहरा शोक

थानाध्यक्ष कनक लता ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर चुकी है. उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि मृतक की छोटी बच्ची हर शाम उनके पास पढ़ने आती थी, जिस कारण इस घटना ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी काफी व्यथित किया है. घटनास्थल पर पूर्व समिति सदस्य देव कुमार दास, राजा अमीन, मो जुनैद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >