पहाड़कट्टा. कांग्रेस राज्यसभा सांसद और मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने बुधवार को पोठिया के कर्बला मैदान में महागठबंधन के प्रत्याशी मो कमरुल हुदा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर उन्होंने अपने काव्य और तीखे राजनीतिक अंदाज में भाजपा और एआईएमआईएम पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने चिर-परिचित अंदाज में शायरी से सभा की शुरुआत की. कहा कि परिंदा है, शिकारी है, अदावत है, सियासत है, लेकिन इन सब चीजों पर मोहब्बत अब भी भारी है. उन्होंने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ ताकतें सीमांचल में आई है और कह रही है जो हमें वोट नहीं देगा वह फ़िरौन्न है. उन्होंने कहा कि कुछ बरसाती परिंदे लोगों को गालियां दे रहे है. कोचाधामन से हमारे उम्मीदवार को लंगड़ा घोड़ा कहा गया है. मुसलमान को फ़िरौन्न कहने से बड़ी गाली कोई नही. इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ रहे है. कन्याकुमारी में समुद्र किनारे खड़े होकर राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा देश में नफरत की किरासिन छिड़क रही है. इसी नफरत के खिलाफ उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक चार हजार किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा की जिससें उनके पैरों में छाले पड़े थे. कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने सभा में मौजूद लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी 14 नवंबर को बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है. इसलिए किशनगंज विधानसभा के मतदाता कांग्रेस उम्मीदवार कमरुल हुदा को वोट करें. उन्होंने कहा कि किशनगंज के एएमयू शाखा का मुद्दा हो या फिर सीमांचल के बदहाली का मुद्दा दोनों को संसद में उन्होंने उठाया है. वही सभा के दौरान मंच पर एमआईएम नेता गुलाम मुक़्तदा एवं पुर्व प्रमुख मो जाकिर हुसैन ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. सभा मे मुख्य रूप से महागठबंधन प्रत्याशी मो कमरुल हुदा, किशनगंज सांसद डॉ.मो जावेद आजाद, मालदा सांसद ईशा खान चौधरी, राजस्थान विधायक रफीक खान, जिलाध्यक्ष इमाम अली चिंटू, कांग्रेस नेता पिंटू चौधरी, वरिष्ठ नेता मो जहांगीर आलम, प्रखंड अध्यक्ष इनामुल हक, सीपीआईएम जिला सचिव कॉ अबुल कलाम आजाद, मो इमरान आदिल, मो आबिद हुसैन सहित अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
