फारबिसगंज : फारबिसगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की रात शहर के मार्केटिंग यार्ड के समीप छापेमारी कर 49 बोतल नेपाली देशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति का नाम संतोष कुमार यादव, पिता स्वर्गीय सरयुग प्रसाद यादव सुल्तान पोखर वार्ड संख्या 04 निवासी बताया जाता है.
शराब के साथ गिरफ्तार उक्त व्यक्ति से थानाध्यक्ष ने रविवार को गहन पूछताछ की. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साहा ने बताया कि गुप्त रूप से सूचना मिली कि स्थानीय मार्केटिंग यार्ड के समीप एक झोपड़ी में शराब की बिक्री हो रही है, जब गश्ती पार्टी में शामिल शिवनारायण यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं टाइगर मोबाइल के जवानों ने छापेमारी की तो एक प्लास्टिक का बोरा पीठ पर ले कर एक व्यक्ति भागने लगा जिसे पकड़ा गया और जांच की गयी तो उसमें 49 बोतल तीन सौ एमएल उमंगा नेपाली देशी शराब बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि शराब के साथ गिरफ्तार संतोष कुमार यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है. इधर जेल जाने से पूर्व संतोष यादव ने बताया कि वह निर्दोष है.
