कोचाधामन : प्रखंड के गरगांव पंचायत अंतर्गत मुर्गीगद्दी पुल से दो सौ मीटर दक्षिण सराय गांव से पूरब कनकई नदी किनारे गुरुवार को करीब चार बजे शाम अज्ञात महिला (22 वर्ष) की शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. शव देखकर जितनी मुंह उतनी बात सुनने को मिल रही है. प्रथम दृष्टया से लग रहा है कि हत्यारों ने महिला की हत्या अन्यंत्र कर साक्ष्य को छुपाने के उद्देश्य से शव को बीती रात मुर्गीगद्दी पुल से फेंक दिया होगा. जिस कारण शव पुल से दक्षिण कुछ दूरी पर नदी किनारे लग गया.
शव मिलने की सूचना पर अनि द्वय अभय कुमार, गोपाल कर्मकार, जिप प्रतिनिधि मंजूर आलम सहित कोचाधामन पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को चार बजे कुछ लोग अपने मवेशी को लाने खेतों में आये था इसी दौरान लोगो की नजर नदी किनारे लगे शव पर पड़ी. लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधि व चौकीदार को दी.
चौकीदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. वहीं कोचाधामन पुलिस ने जिले के अन्य थानों सहित पूर्णियां व अररिया जिला के थाने से भी संपर्क साध कर यह पता कर रही है कि विगत दिनों उनके थाने क्षेत्र से कोई महिला के गायब होने की सूचना दर्ज हुई है क्या.
