विधान पार्षद डाॅ दिलीप कुमार जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की
किशनगंज: भारत सरकार के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय के द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत रविवार को स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित सादे कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 200 लाभुकों के बीच एलपीजी कनेक्शन का वितरण किया गया़ स्थानीय सांसद मौलाना असरारूल हक कासमी की अनुपस्थिति में विधान पार्षद डाॅ दिलीप कुमार जायसवाल ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की़ इस मौके पर अपने संबोधन में डाॅ जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच सबका साथ सबका विकास के पूरा करने के लिए गरीबी रेखा के नीचे के परिवारों के बीच नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन वितरण करने की योजना की जितनी भी तारीफ की जाये कम है़
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पूरे भारत वर्ष में पांच करोड़ बीपीएल परिवारों को आगामी तीन वर्ष के भीतर मुफ्त कनेक्शन दिया जायेगा़ जबकि केंद्र सरकार पूरे भारत वर्ष में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले 21 करोड़ 88 लाख परिवारों के बीच मुफ्त एलपीजी वितरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है़ उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ बिहार के दो करोड़ दो लाख बीपीएल परिवारों को मिलेगा़ श्री जायसवाल ने कहा कि पूर्व के दिनों में केंद्र की योजनाओं का लाभ गरीबों को नहीं मिल पाता था परंतु नरेंद्र मोदी ने जन धन योजना के तहत 21 करोड़ 88 लाख से अधिक गरीबों का बैंक खाता खोल दिया है़ अब केंद्र की योजनाओं की राशि सीधे गरीबों के खाते में जमा होगी तथा इससे भ्रष्टाचार में भी कमी आयेगी़ श्री जायासवाल ने कहा कि उज्जवला योजना के प्रारंभ होने से जहां गरीब महिलाओं को धुंए से निजात मिलेगी वहीं उनके स्वास्थ्य में भी सुधार होगा़ मौके पर मौजूद ताज गैस एजेंसी के स्वामी अनवार युसूफ ने बताया कि लगातार 30 वर्षों से लोगों की सेवा करने के बाद भी उतनी खुशी नहीं मिली थी जितनी आज गरीबों के बीच एलपीजी कनेक्शन मुफ् वितरण कर मिली है़ उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से दी जाने वाली गैस चुल्हा व पाइप की कीमत (16 सौ रूपये) लाभुकों को आसान किस्तों पर उपलब्ध करा दी गयी है़उन्होंने कहा कि कंपनी का बकाया पूरा न होने तक सब्सिडी की राशि लाभुकों के बैंक खाते में जमा नहीं होगी़ इस मौके पर एडीएम रामजी साह सहित शहर के कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे़
