किशनगंज : एसएसबी 12वीं वाहिनी के जवानों ने बुधवार देर रात्रि स्थानीय बस पड़ाव के निकट छापेमारी कर एक लाख 98 हजार के जाली नोट के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया़ स्थानीय पुलिस के संग की गयी इस संयुक्त कार्रवाई के बाद गिरफ्तार अंसार अली पिता स्व सईदुर्रहमान केशोपुर, उत्तर दिनाजपुर निवासी, आशीष विश्वास पिता स्व देवेंद्र विश्वास, रसोखोआ करणदिघी निवासी व मो मुख्तार आलम पिता जैनुद्दीन,
लाखोतारा करणदिघी निवासी को पूछताछ के लिए स्थानीय सदर थाना लाया गया़ जहां पूछताछ के क्रम में तीनों अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है़ उन लोगों ने बताया कि 500 रुपये के 198 नोट और 1000 के 99 जाली नोट की खेप को वे स्थानीय बाजार में खपाना चाहते थे़ वहीं स्थानीय लोगों की माने तो इनका चौथा साथी एसएसबी व पुलिस की आंखों में धुल झोंक कर फरार हो जाने में सफल हो गया था़
बहरहाल इस संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए एसएसबी 12वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट कुमार सुंदरम ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिला स्थित कलियाचक इलाके से जाली नोट की खेप के किशनगंज पहुंचने की जानकारी के बाद स्थानीय बस पड़ाव में स्थानीय पुलिस की सहायता से बिछाये गये जाल में तीनों आरोपी फंस गये थे़ बहरहाल डिप्टी कमांडेंट के लिखित शिकायत के आधार पर स्थानीय थाना में कांड संख्या 288/16 दर्ज कर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर तीनों आरोपियों को भादवि की धारा 420, 489बी व 489सी के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया़
