अपराध. चोर 13 एलसीडी, 18 आयरन, दो माइक्रोओवेन, एक मिक्सर लेकर चलते बने
मामले की जानकारी तब हुई जब सुबह दुकानदार दुकान का शटर खोल अंदर प्रवेश किया़ वे अंदर का माजरा देख भौंचक रह गये. सामान बिखरा पड़ा हुआ था. पीछे का दीवार टूटा हुआ था. चोरों ने सेंधमारी कर दुकान में प्रवेश किया था
किशनगंज : अस्पताल रोड स्थित रेपिड इलेक्ट्राॅनिक दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर तीन लाख रुपये मूल्य के एलसीडी, आयरन, मोबाइल व अन्य सामानों की चोरी कर ली.चोरी की घटना रविवार रात की है.इसकी जानकारी तब हुई जब सुबह दुकानदार दुकान का शटर खोल अंदर प्रवेश किया तो अंदर का माजरा देख भौंचक रह गये. अंदर का सामान बिखरा पड़ा हुआ था.
पीछे का दीवार टूटा हुआ था. बताया कि अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर दुकान में प्रवेश किया था और 13 एलसीडी, 18 बजाज आयरन,दो माइक्रो ओवेन, एक उषा मिक्सर के अलावे रिजार्ज करने वाला मोबाइल व अन्य सामान लेकर चलते बने. इस बावत प्रोपराइटर पुष्पिता घोष के पति स्वरूप घोष ने सदर थाना में लिखित आवेदन दिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मालूम हो कि पहले भी शहर के दुकानों में सेंधमारी व शटर तोड़कर कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है. लेकिन, पुलिस चोरों को पकड़ने में अब तक सफल नहीं हुई है.
शॉट सर्किट के डर से कैमरा बंद करना दुकानदार को पड़ा महंगा
स्थानीय सदर अस्पताल रोड स्थित रेपिड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार को शॉर्ट सर्किट के डर से सीसीटीवी कैमरे बंद करना महंगा साबित हुआ. रिहायशी और अस्पताल रोड पर पुलिस गश्त और आम लोगों का आना-जाना रात भर लगा रहता है.
घटनास्थल से महज गांधी चौक की दूरी 200 मीटर पर है, जहां पुलिस जीप लगाकर कैंप किये रहती है पर चोरों ने दुकान के पीछे का दीवार तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया. चोर सेंधमारी कर दुकान में घुसे थे. हालांकि पुलिस दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो कुछ नहीं था. इस पर दुकानदार स्वरूप घोष ने बताया कि रोजना रात को दुकान में शार्ट सर्किट के डर से कैमरे और डीवीआर सिस्टम बंद कर देते हैं. इससे फुटेज में कुछ नहीं आया.
