ठाकुरगंज : नीतीश के दस वर्षों के शासनकाल में बिहार लगातार पिछड़ता गया है. परंतु बांटो और राज करो की नीति पर चलने वाले नीतीश कुमार को इससे कोई सरोकार नहीं. उक्त बातें लोजपा सांसद चिराग पासवान ने मंगलवार को कही. वे ठाकुरगंज में लोजपा प्रत्याशी गोपाल अग्रवाल के पक्ष में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
अपने संबोधन में जमुई सांसद चिराग पासवान ने राजद-जदयू गंठबंधन को लठबंधन की संज्ञा दी तथा लालू के 15 साल एवं नीतीश के 10 साल के राज को बिहार के पिछड़ेपन के लिए जिम्मेवार बताया. भाजपा के पूर्व सांसद सह राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने ठाकुरगंज से अपना दिल का रिश्ता बताते हुए इलाके के विकास के लिए गोपाल अग्रवाल को विजयी बनाने की अपील की.
अपने सांसद काल के दौरान इलाके में विकास की लंबी लकीर खींचने का दावा करते हुए शाहनवाज ने लोगों को 24 घंटे के अंदर रेलवे आरक्षण केंद्र खुलवाने की याद दिलायी तथा लोगों से जात धर्म से उपर उठ कर मतदान की अपील की. नेता द्वय ने सभा के बाद लोजपा प्रत्याशी को विजयी माला भी पहनायी.
