ठाकुरगंज (किशनगंज) : सम्राट अशोक भवन के निर्माण के दौरान विस्थापित हुए 29 परिवारों को वर्षों के इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है. बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित "अभियान बसेरा" के तहत शनिवार को लाभार्थियों के बीच सरकारी भूमि का बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया. ठाकुरगंज अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे.
प्रत्येक परिवार को मिली 2.5 डिसमिल जमीन
जानकारी के अनुसार मौजा नेजागछ, खाता संख्या-515 एवं खेसरा संख्या-1530 की सरकारी भूमि पर प्रत्येक परिवार के नाम 2.5-2.5 डिसमिल भूमि का बंदोबस्त किया गया. लंबे समय से पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों को अब भूमि का वैधानिक अधिकार मिल गया है. लाभार्थियों ने कहा कि अब वे अपनी जमीन पर स्थायी आवास का निर्माण कर सकेंगे.
सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मिला पर्चा
कार्यक्रम में एडीएम अमरेंद्र कुमार, एडीएम मो. इरफान, बीडीओ आशीष कुमार, सीओ मृत्युंजय कुमार, आरओ राहुल कुमार, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार तथा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल मौजूद रहे. इस अवसर पर एडीएम अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर भूमिहीन परिवारों के बीच बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया है.
भूमिहीनों को अधिकार दिलाने की पहल
अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार भूमिहीन एवं विस्थापित परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और अभियान बसेरा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
लाभार्थियों ने जताया आभार
भूमि का बंदोबस्ती पर्चा मिलने के बाद लाभार्थियों ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वर्षों बाद अपने नाम की जमीन मिलने से उनके परिवार को स्थायी पहचान और सुरक्षित भविष्य का आधार मिला है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे.
