किशनगंज: जिले के बहादुरगंज पुलिस ने इलाके की बहुचर्चित शहजादी अपहरण कांड की गुत्थी अपहृता की सकुशल बरामदगी के साथ सुलझा ली है. सोमवार को पुलिस ने पीड़ित को 164 के बयान व चिकित्सीय जांच के लिए किशनगंज भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुरगंज प्रखंड के भाखरबाड़ी गांव निवासी पीड़िता का निकाह छह माह पूर्व वैसाकुट्टी निवासी महमूद के संग हुआ था. परंतु रूखसती नहीं हुई थी. हालांकि परिजनों के दबाव के बाद पीड़ित ने निकाह तो कर लिया था परंतु अपने प्यार को वह भूल नहीं पायी थी तथा उससे मिलना जुलना जारी रखा था.
जिसकी भनक परिजनों को मिलते ही उन लोगों ने उस पर पाबंदी लगा दिया था. परंतु युवती गत 18 दिसंबर को अपने प्रेमी गुलजार पिता अब्दुल गफुर, नया बस्ती सोंथा निवासी के संग फरार हो गयी तथा दिल्ली में रह कर वैवाहिक जीवन व्यतीत करने लगी थी. इधर पीड़ित के परिजनों द्वारा कांड संख्या 288/14 दर्ज किये जाने के साथ ही बहादुरगंज पुलिस उसकी बरामदगी में जुट गयी थी तथा आरोपी के परिजनों पर लगातार दबाव बना रही थी जिससे घबड़ा कर अंतत: पीड़ित ने आत्म समर्पण कर मामले का पटापेक्ष कर दिया. परंतु आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण बहादुरगंज पुलिस भादवि की धारा 367, 379, 34 के तहत लगातार उसे तलाश रही थी.
