किशनगंज : वार्ड सदस्य द्वारा इंदिरा आवास की राशि ठगी कर लेने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित लाभुक ने मंगलवार को जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. मामला प्रखंड क्षेत्र के दौला पंचायत के वार्ड संख्या चार के समदा गांव का है.
मामले के संबंध में पीड़िता रूकिया खातून ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व उसे इंदिरा आवास का लाभ मिला था. पति दिल्ली में मजदूरी करता है. दूर के रिश्तेदार वार्ड सदस्य मनीरूल हक ने रूकिया खातुन से कहा कि वह उसके साथ बैंक चल कर रुपया निकासी करवा देगा. भोली भाली रूकिया खातुन मनीरूल के साथ बैंक जाकर 29 हजार रुपये की निकासी की.
रूपया निकासी के बाद मनीरूल ने उससे सारे रुपये ले लिये और उससे कहा कि मकान बनाने हेतु ईंट सीमेंट बालु खरीद कर तुम्हारा घर बनवा देंगे. परंतु वार्ड सदस्य मनीरूल ने अब तक न ही उसके घर बनवाने के लिए ईंट सीमेंट ही गिराये न ही उसे रुपया वापस किया. पीड़िता ने कहा कि निर्माण कार्य नही होने के कारण उसे दूसरी किस्त भी नहीं मिल सकी है. उसने कहा कि तीन वर्षो में महंगाई दोगुनी बढ़ गयी है ऐसे में उस समय उतने रुपये से एक घर बन भी सकते थे. अब तो उसका घर बनना नामुमकिन ही लगता है.
