* विधि -व्यवस्था को लेकर पुलिस को दिये कई निर्देश
बहादुरगंज : पुलिस महानिरीक्षक जीएस गंगवार ने बुधवार को बहादुरगंज थाने का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधि व्यवस्था को लेकर वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश भी दिया.
लगभग चार घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न फाइलों को खंगाला व पुराने अभिलेखों जांच की. इससे पहले थाना परिसर में आगमन पर पुलिस महानिरीक्षक श्री गंगवार को वहां मौजूद जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया.
मौके पर जिला पुलिस बल के जवानों ने परिसर में ही मुख्य गेट के सामने आपातकालीन विपरीत परिस्थितियों में सुरक्षात्मक हालात व मुकाबला के उपाय पर मॉक ड्रील का भी आयोजन किया गया एवं पूरी व्यवस्था को चाक चौबंध बनाये रखा.
निरीक्षण के क्रम में पुलिस महानिरीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि साल भर के अंदर बहादुरगंज मॉडल थाने के रूप में विकसित होगा. सीमावर्ती क्षेत्र व थाने के सर्किल रेंज को देखते हुए इसे मॉडल थाना बनाने की दिशा में शीघ्र ही प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेज दिया जायेगा. इससे पूर्व कभी भी यहां आइजी स्तर के किसी अधिकारी का निरीक्षण नहीं हुआ है.
आजादी के पूर्व से ही चल रहे इस थाने में निश्चित तौर पर कोई न कोई अंग्रेज पदाधिकारी भी कार्यरत रहे होंगे. यहां वर्तमान में थानाध्यक्ष के तौर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आइपीएस हरि किशोर राय की तो प्रशिक्षण की निर्धारित अवधि में वे यहां पुलिस थानेदारी के तमाम गुर को सीखने समझने में लगे हुए है. जिसमें अपनी क्रियाकलाप व सोच के बदौतल वे काफी हद तक सफल रहे है.
बातचीत के क्रम में उन्होंने बताया कि थाना के जर्जर पुराने भवन के जीर्णोद्धार की दिशा में भी समुचित प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को प्रेषित किया जायेगा. इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, प्रशिक्षु आइपीएस सह एएसपी हरि किशोर राय आदि मौजूद थे. वहीं निरीक्षण के दौरान पुलिस निरीक्षक आरके मिश्र, कोचाधामन थानाध्यक्ष चितरंजन ठाकुर, अवर निरीक्षक मो जनीफुद्दीन सहित दर्जनों पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
