किशनगंज : जिले से सटे पश्चिम बंगाल के असुरागढ़ में एक के बाद एक हुए जोरदार धमाकों के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गयी. लोग गिरते पड़ते सुरक्षित ठिकानों की तलाश में इधर-उधर भागने लगे.
कुछ देर बाद जब माहौल शांत हुआ तो लोगों ने देखा कि असुरागढ़ निवासी चंदन मल्लिक का घर आग के गोलों में तब्दील हो चुका है. स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का भरपूर प्रयास किया परंतु वे सफल न हो सके. घटनास्थल से मात्र 15 किमी की दूरी पर स्थित दालकोला से अग्निशमन दस्ता भी पहुंचा तब तक चंदन मल्लिक का पूरा घर राख की ढेर में तब्दील हो चुका था, जिस कारण स्थानीय लोग भड़क उठे व अग्निशमन कर्मियों के साथ उन लोगों ने दुव्यर्वहार भी किया.
इधर घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित चंदन मल्लिक ने बताया कि सुबह की चाय के लिए उन्होंने ज्यों ही गैस जलाने की चेष्टा की उनका पूरा घर आग की लपटों में तब्दील हो गया. उन्होंने किसी तरह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भाग कर जान बचायी ही थी कि गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से आग लग गयी. इस विस्फोट की जद में आकर घर में रखा एक और सिलेंडर में आग लग गयी और उसमें भी विस्फोट हो जाने से पूरा घर भरभरा कर गिर पड़ा.
हालांकि इस भीषण घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. परंतु विस्फोट के कारण आस पड़ोस के घरों को भी आंशिक क्षति पहुंची. श्री मल्लिक ने बताया कि परिवार के सदस्यों द्वारा पहने गये कपड़ों के अलावे कुछ भी नहीं बचा.
