दिघलबैंक : प्रखंड क्षेत्र में ढाई माह पूर्व आई बाढ़ के कारण कई सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने से लोगों की आवागमन की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है. कई पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कों का स्थिति बद से बदतर है. इस स्थिति के चलते लोगों के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंचना भी टेढ़ी खीर हो जाता है. वैसे आवागमन की गंभीर समस्या से जूझना यहां के लोगों की वर्षों से नियति बनी हुई है. बाढ़ ने इस दर्द को और बढ़ा दिया है. कई सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है.
इन सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल है. बता दें कि प्रखंड में बाढ़ का व्यापक असर रहा था. पानी निकल जाने के बाद भी यहां के लोगों को आवागमन की समस्या से जूझना पड़ रहा है. प्रखंड के लौहागाड़ा, सिंघीमारी, दोगिरजा, पत्थरघटी, नैनभिट्ठा, लक्ष्मीपुर, मंगूरा, तुलसिया सहित विभिन्न पंचायत के लोगों को दिघलबैंक प्रखंड मुख्यालय तक आने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है. क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य काफी सुस्त है. कई मुख्य सड़कों की मरम्मत की दिशा में अब तक कोई पहल नहीं हो पाई है. प्रत्येक वर्ष बाढ़ के बाद यहां के लोगों के समक्ष ऐसी समस्या उत्पन्न होती है.
