वित्त विभाग से मिले निर्देश पर समीक्षा के लिए पदाधिकारियों व कर्मचारियों की टीम गठित
रोकड़ बही की होगी जांच
किशनगंज : जिले के सरकारी विभागों से संबंधित सभी बैंक खातों में संचित राशि की समीक्षा की जायेगी़ बिहार सरकार के मुख्य सचिव एवं वित्त विभाग के निर्देश के आलोक में बैंक खातों की समीक्षा हेतु जिला स्तर पर निगरानी हेतु पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम का गठन किया गया है़ गठित टीम में अपर समाहर्ता रामजी साह, संयुक्त सचिव सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी यशस्पति मिश्र वाणिज्य कर उपायुक्त, वरीय कोषागार पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता बैंकिंग मनीष कुमार, एलडीएम राम आधार पासवान, डीआरडीए लेखापाल दीपक कुमार शामिल है़ जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर निर्देश
दिया कि बिहार वित्तीय नियमावली एवं कोषागार संहिता के अनुसार सभी निकासों एवं व्ययन पदाधिकारी अपने कार्यालय में रोकड़ पंजी का संधारण दैनिक रूप से अद्यतन कर उपरोक्त जिला स्तरीय निगरानी टीम के समक्ष निर्धारित कार्यक्रम की श्रेणी के अनुसार उपस्थित होंगे़ इस संदर्भ में स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है कि अद्यतन रोकड़ बही की छायाप्रति को अभिप्रमाणित कर बैंक स्टेटमेंट एवं अग्रसारण पत्र के साथ जिला स्तरीय निगरानी टीम के समक्ष प्रस्तुत करेंगे़ बैंक स्टेटमेंट एवं मुख्य रोकड़ पंजी के संबंध में यह भी प्रमाण देना सुनिश्चित करना होगा कि इसके अतिरिक्त मेरे कार्यालय में कोई अन्य मुख्य एवं सहायक रोकड़ पंजी तथा दिये गये बैंक खाते के विवरण के अतिरिक्त अन्य कोई खाता कार्यालय में संधारित नहीं है़ यदि भविष्य में इसके अतिरिक्त रोकड़ पंजी एवं बैंक खाता पाया जाता है, तो संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी एवं कार्यालय प्रधान पर सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जायेगी़ रोकड़ बही अद्यतन कर प्रस्तुत करने के लिए दो नवंबर को जिला स्तरीय सभी कार्यालय एवं अनुमंडल कार्यालय, तीन नवंबर को किशनगंज, कोचाधामन एवं बहादुरगंज प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, चार नवंबर को पोठिया, ठाकुरगंज, दिघलबैंक एवं टेढ़ागाछ प्रखंड एवं अंचल कार्यालय एवं पांच नवंबर को अन्य सभी कार्यालयों के लिए तिथि निर्धारित किया गया है़ गठित टीम द्वारा रोकड़ बही की जांच जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय के प्रतीक्षालय में किया जायेगा़
