किशोरी ने डुमरी पुल से कोसी नदी में लगाई छलांग, एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश

थाना क्षेत्र के डुमरी पुल के स्टे केबल ब्रिज का आकर्षक भाग ग्रामीण इलाके के लोगों के लिए रमणिक स्थल बनी हुई है

नदी में डूब रही किशोरी की वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल बेलदौर. थाना क्षेत्र के डुमरी पुल के स्टे केबल ब्रिज का आकर्षक भाग ग्रामीण इलाके के लोगों के लिए रमणिक स्थल बनी हुई है. युवाओं की टोली उक्तस्थल पर सेल्फी एवं रोमांच के लिए जुटे रहते हैं. वहीं कुछ दिनों से उक्तस्थल लगातार हो रहे हादसे से यह स्थल सुसाइड स्पाट के रूप में चर्चित होता जा रहा है. शनिवार की करीब नौ बजे उक्त स्थल पर टहलने के दौरान एक किशोरी ने अचानक कोसी नदी में छलांग लगा दी. जब उक्तस्थल पर प्रत्यक्षदर्शी युवाओं ने कोसी नदी में डूब रही किशोरी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया तो देखते ही देखते वायरल वीडियो आग की तरह फैल सनसनी मचा दी. इस दौरान प्रत्यदर्शियों ने उसे बचाने की हरसंभव प्रयास भी किये. रस्सी फेंके, दूधवाले के खाली डब्बे फेंके लेकिन तब-तक उक्त किशोरी देखते ही देखते नदी के गहरे पानी में जल समाधि लेकर लापता हो गई. सूचना पर तत्काल पहुंची टोल फ्री नंबर पुलिस मामले की पड़ताल कर इसकी सूचना एसडीआरएफ टीम को दी एवं स्थानीय नाविक समेत सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम देर शाम तक कोसी नदी में लापता किशोरी की तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की किशोरी डुमरी पुल के स्टे केबल ब्रिज पर टहल रही थी इसी दौरान अचानक कोसी नदी में छलांग लगा दी. उसके बाद नदी में गिरते ही आसपास के लोगों ने लोहे का तार एवं दूध विक्रेताओं के दूध वाला डिब्बा फेंक कर उसे बचाने की कोशिश की लेकिन युवती नदी की तेज धारा में समा गई. हालांकि घटना के कई घंटे तक उक्त पीड़ित किशोरी की पहचान उजागर नहीं हो पाई थी लेकिन देर शाम पुलिस ने कड़ी मशक्कत से घटनास्थल से बरामद हुए किशोरी के चप्पल एवं अन्य सुराग से पीड़ित किशोरी की पहचान उजागर करने में सफल हुए. पीड़ित युवती की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के मध्य बौरने पंचायत के मैदनीनगर गांव निवासी ओम चौधरी एवं माता जूली देवी की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई. पीड़ित किशोरी 12वीं कक्षा की छात्रा थी एवं दो भाई एवं दो बहन में सबसे बड़ी थी. घटना से पीड़ित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. घटनास्थल पर विलाप करते उसके पिता ओम चौधरी ने बताया कि खेती बारी के काम से चौढली गया था. उसकी मां जलावन के लिए बहियार गयी थी. इस दौरान नेहा घर में अकेली थी. चौढली से घर लौटने के दौरान जब पुल पर भीड़ देखा तो किसी लड़की के डूबने की चर्चा चल रही थी. घटनास्थल पर चप्पल एवं वायरल वीडियो पर आशंकित होकर अपने पुत्र से पूछा तो नेहा के घर से गायब होने की बात बताई. इन्होंने बताया कि कोसी नदी में मेरी पुत्री के डुबने की पुष्टि होते ही कोहराम मच गया. वहीं पीड़ित परिजनों को घटना के कारणों का अबतक कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है. इससे लोगों के बीच तरह तरह की चर्चाएं गरम है. विदित हो कि एक सप्ताह पूर्व ही उक्तस्थल से एक दंपति ने नदी में छलांग दी थी, घटना के तीसरे दिन पत्नी का शव तो चौथे दिन पति का शव बरामद हुआ था. वही एक माह पूर्व एक इलाज के लिए सोनवर्षा घाट जा रहे एक वृद्ध भी उक्तस्थल पर ही कोसी नदी में डूब गया था. करीब एक सप्ताह बाद उक्त वृद्ध का शव नदी से बरामद हुई थी. वही सेल्फी से सुसाइड स्पाट में तब्दील हो रही डुमरी पुल का स्टे केबल ब्रिज लगातार सुर्खियों में आने लगी तो वहीं उक्त स्थल पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाए जाने की मांग उठने लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >