गोगरी. अनुमंडल कार्यालय के सभागार में मंगलवार को एसडीओ कृतिका मिश्रा ने विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर मंगलवार को सभी सेक्टर पदाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की. एसडीओ ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनाव कराना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्र का लगातार भ्रमण करने का निर्देश दिया. नजरी नक्शा के अनुसार सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधा जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैप, शेड और चाहरदिवारी की स्थिति की रिपोर्ट देने को कहा. वहीं सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान के दौरान उनके कार्यों के बारे में भी बताया. वहीं धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई व बंधपत्र की प्रक्रिया प्रारंभ किये जाने का थानाध्यक्षों को एसडीओ ने निर्देश दिया. मौके पर चौथम बीडीओ रणजीत कुमार, गोगरी बीडीओ रघुनंदन आनंद, सहित गोगरी , परबत्ता और बेलदौर प्रखंड के सभी सेक्टर पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
