दिल्ली में गंगौर के खरगी तिरासी निवासी की हत्या बाद गांव में पसरा सन्नाटा

दिल्ली में गंगौर के खरगी तिरासी निवासी की हत्या बाद गांव में पसरा सन्नाटा

खगड़िया. गंगौर थाना क्षेत्र के खड़गी तिरासी निवासी पांडव कुमार की दिल्ली में पुलिस ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पांडव की चर्चा होते ही लोग फफक पड़ते हैं. ग्रामीण पांडव के सरल स्वभाव की चर्चा करते हैं. ग्रामीण रमेश सिंह ने बताया कि जीविकोपार्जन के लिए पूरा परिवार दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था. पुलिस ने बिहारी कह कर गोली मारकर हत्या कर दी. ग्रामीणों ने बताया कि पांडव दिल्ली में एक डिलीवरी एजेंट का काम करता था. बताया कि इसके साथ काम करने वाले दोस्त कृष्ण को भी पुलिस ने गोली मार दी थी, जिसका इलाज चल रहा है. युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने शोक व्यक्त किया है. पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि किसी नागरिक को केवल उसकी पहचान के आधार पर निशाना बनाया जाता है, तो यह हमारे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के हर हिस्से में जाकर मेहनत और ईमानदारी से कार्य करते हैं. राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं. इसके बावजूद यदि उन्हें अपमान और हिंसा का सामना करना पड़ता है, तो यह सामाजिक और प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है. इस घटना के संदर्भ में सांसद पप्पू यादव ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे सेवा से निलंबित कर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की. मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को उचित सजा मिल सके. सांसद ने मृतक पांडव कुमार के परिजनों को कम से कम 20 लाख रुपये का मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाय. ताकि उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके. साथ ही घायल कृष्ण के समुचित इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठायी जाए और उन्हें दस लाख रुपया मुआवजा दिया जाय. मालूम हो कि गंगौर थाना क्षेत्र के खरगी तिरासी वार्ड संख्या 15 निवासी गणेश सिंह का पुत्र पांडव कुमार है. बताया जाता है कि वे 15 वर्षों से अपने परिवार के साथ उत्तम नगर दिल्ली में रहकर मजदूरी एवं फूड डिलीवरी का काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. पिता लंबे समय से बीमार चल रहे हैं, जबकि छोटा भाई टीबी से पीड़ित है. घर की जिम्मेदारी संभालने के लिए उसकी मां भी मजदूरी करती थी. घटना 26 अप्रैल 2026 की देर रात 2 बजे की बतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >