चौथम (खगड़िया) से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट. चौथम प्रखंड के डीह टोला निवासी स्वर्गीय बाबुल कुमार सिंह के आवास पर शुक्रवार से भव्य अखंड रामायण पाठ का आयोजन शुरू किया गया है. इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है. रामचरितमानस के मधुर पाठ, भजन-कीर्तन एवं भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा इलाका गूंजायमान है.
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, उत्सव जैसा माहौल
अखंड रामायण पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं. आयोजन स्थल पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है. महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा पूरे श्रद्धा भाव से रामायण पाठ सुन रहे हैं और भगवान श्रीराम के नाम का जाप कर रहे हैं.
पाठ के दौरान विद्वान पाठकर्ताओं द्वारा रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठते हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक भावना, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं.
हवन और प्रसाद वितरण के साथ होगा समापन
आयोजन को सफल बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय आयोजन समिति के सदस्य मुस्तैदी से जुटे हुए हैं. इस अवसर पर मुख्य रूप से पाठकर्ता: पंकज मणी, मतीन्द्र मिश्र, धुरन सिंह, ज्योतेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित थे. आयोजन समिति ने बताया कि अखंड रामायण पाठ के समापन के बाद वैदिक रीति-रिवाज से हवन-पूजन किया जाएगा और उसके बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा.
