बेलदौर. प्रखंड के उसराहा समीप बीपी मंडल पुल को जाम कर अखिल भारतीय किसान महासभा अंचल कमिटी बेलदौर के बैनर तले पांच सूत्री मांगों के समर्थन में जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान एनएच 107 के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही एवं इनकी मांगों का समर्थन करते राहगीर भी विरोध प्रदर्शन में शिरकत करने लगे. इसका नेतृत्व माले के किसान नेता शैलेन्द्र कुमार वर्मा एवं जिला सचिव अभय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से की. वहीं पांच सूत्री मांगों में छोटे मंझोले किसानों के कब्जे में बकास, गैर मजरूवा खास, आम एवं सर्वस्ता के जमीन को मालिकाना हक देने, इस मामले की सुनवाई के लिए मौजा वार अंचल कार्यालय में शिविर लगाए जाने, बास विहीन परिवारों को पांच पांच डिसमील बासगीत का जमीन देने एवं भागलपुर के पीरपैंती में किसानों से जमीन छीनने की साजिश पर रोक लगाने का मांग शामिल है. वहीं मांगों के समर्थन में भाकपा माले लिबरेशन के किसान महासभा के आह्वान पर चक्का जाम किया गया. वहीं चक्का जाम का नेतृत्व कर रहे जिला सचिव शैलेंद्र कुमार वर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि 2025 के बिहार विधान सभा चुनाव में नीतीश-मोदी के डबल इंजन वाली सरकार को सत्ता से बेदखल करने का काम करें, जो किसानों की जमीन जबरदस्ती छीन कर अडानी एवं अम्बानी के हाथों में औने पौने कीमत पर लीज पर दे रही है. इसके अलावे अभय कुमार वर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मांगों पर गंभीरता से विचार कर यदि किसानों की समस्या का निदान नहीं किया गया तो, चुनाव के बाद इससे बड़ा आंदोलन किया जायेगा. वहीं चक्का जाम की सूचना पर उक्तस्थल पहुंचे सीओ अमित कुमार एवं थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराते उनके द्वारा दिए गए मांग पत्र पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा देकर जाम समाप्त करवाया. मौके पर संघ के मनोहर शर्मा, कार्तिक शर्मा,तेलिहार के सरपंच कुलदीप सिंह , विद्यासागर पासवान जिला अध्यक्ष कांग्रेस,पवन सिंह प्रखंड अध्यक्ष कांग्रेस, घनश्याम कुशवाहा,प्रकाश भगत, राजीव सहनी, अंशु सिंह आदि ने भी संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
