नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने शहर में स्वच्छता पर ग्रहण लगाने वाले लोगों पर की कार्रवाई खगड़िया. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 स्थित कृष्णा नगर मोहल्ले में सड़क पर जलजमाव और कचरा फेंकने के मामले में नगर कार्यपालक पदाधिकारी कमल सिंधु ने तीन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने कृष्णानगर निवासी कमल किशोर, वाचसपति शर्मा, वीरेन्द्र यादव को नोटिस जारी कर कहा कि प्रवीण कुमार वार्ड संख्या 29 मुहल्ला कृष्णा नगर खेल भवन के सामने द्वारा लिखित आवेदन देकर जानकारी दिया गया कि तीनों व्यक्ति के द्वारा अवैध ढंग से सडक की जमीन पर कचड़ा गिराकर अतिक्रमण किया जा रहा है. कमल किशोर, वाचस्पति शर्मा व वीरेन्द्र यादव द्वारा रोड पर नाला का पानी बहाया जाता है, जिसके कारण आम जनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है .साथ ही सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रहा है. ईओ ने 24 घंटे के अन्दर तीनों व्यक्ति से जवाब तलब करते हुए पक्ष रखने को कहा है. पक्ष नहीं रखने पर बिहार नगरपालिका अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अधीन विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने की धमकी दी गयी है. उल्लेखनीय है कि कृष्णा नगर निवासी प्रवीण कुमार ने ईओ को आवेदन देकर कहा कि खेल भवन के समीप से गुजरने वाली पीसीसी सड़क पर कुछ लोगों द्वारा प्रतिदिन कचरा और घरों से निकलने वाला गंदा पानी बहाया जा रहा है. इससे सड़क पर लगातार जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. सड़क पर जमा गंदे पानी और कचरे के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को काफी दिक्कत हो रही है. सड़क पर गंदगी और पानी जमा रहने से बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया. लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर तत्काल सफाई कराने, कचरा हटवाने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की थी. उल्लेखनीय है कि शहर के पॉश इलाका रहने के बावजूद लोगों को सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है. यही कारण है कि लोग नगर परिषद में शिकायत कर रहे हैं. लोगों ने कहा कि समाधान नहीं हुआ तो जिलाधिकारी से लेकर मंत्री तक शिकायत की जायेगी. हालांकि लोगों की शिकायत मिलते ही ईओ ने अविलंब कचरा फेंकने वाले तीन लोगों के विरूद्ध नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है.
शहर के कृष्णानगर में सड़क पर पानी और कचड़ा फैंकने वाले तीन लोगों को किया गया नोटिस
सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रहा है. ईओ ने 24 घंटे के अन्दर तीनों व्यक्ति से जवाब तलब करते हुए पक्ष रखने को कहा है.
