12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर खगड़िया में अभियान तेज, गांव-गांव पहुंचेंगे प्रचार वाहन

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए खगड़िया में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. प्रचार वाहन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के फायदे और सरल समाधान की जानकारी देंगे.

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर खगड़िया जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार परिसर से प्रचार वाहनों के काफिले को जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया. विभिन्न बैंकों की ओर से भी प्रचार वाहन उपलब्ध कराये गये हैं.

प्रचार वाहनों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविन्द कुमार शर्मा, प्राधिकार के सचिव चंदन कुमार समेत न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

गांव-गांव पहुंचकर लोक अदालत की देंगे जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव चंदन कुमार ने बताया कि प्रचार रथ जिले के प्रमुख शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करेंगे. इस दौरान लोगों को लोक अदालत में मामलों के त्वरित और सरल समाधान, सुलह-समझौते की प्रक्रिया और इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी जायेगी.

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को सिविल कोर्ट खगड़िया और अनुमंडलीय सिविल कोर्ट गोगरी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा. इसमें विभिन्न सुलहनीय और समझौता योग्य मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित निष्पादन कराया जा सकता है.

समय और धन दोनों की होती है बचत

सचिव ने कहा कि लोक अदालत विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है. इसमें पक्षकार आपसी सहमति और सौहार्द के साथ अपने विवाद का समाधान करा सकते हैं. इससे समय और धन की बचत होती है तथा लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से भी राहत मिलती है.

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को लंबित मामलों के साथ-साथ प्रीलिटिगेशन मामलों को भी लोक अदालत के माध्यम से सुलह-समझौते से समाप्त कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इसके लिए संबंधित न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार या पीएलवी से संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

अधिक से अधिक लोग उठाएं लोक अदालत का लाभ

सचिव चंदन कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि आपसी मतभेद और वैमनस्य को पीछे छोड़कर प्रेम, सौहार्द और आपसी सहमति के साथ विवादों का समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराएं. उन्होंने कहा कि लोक अदालत मामलों के त्वरित और सरल निष्पादन का बेहतर माध्यम है. लोगों से 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समझौता योग्य मामलों का त्वरित निष्पादन कराने की अपील की गयी.

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम संजय कुमार, द्वितीय संजय सिंह, तृतीय पवन कुमार, चतुर्थ प्रवाल दत्ता, पंचम रुम्पा कुमारी, विशेष न्यायाधीश उत्पाद प्रथम पुष्पम कुमार झा, विशेष न्यायाधीश उत्पाद द्वितीय प्रभाकर झा, विशेष न्यायाधीश पोक्सो ऋषि चंदन सहित कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव प्रसाद यादव, सचिव नागेश्वर प्रसाद गुप्ता, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आदित्य कुमार सिंह, न्यायिक पदाधिकारी, बैंक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, डीएलएसए कर्मियों और पीएलवी की भी मौजूदगी रही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >