माघी पूर्णिमा: अगुवानी घाट पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाया पवित्र गंगा में डुबकी

10 दिवसीय मेला और गंगा महायज्ञ से बढ़ी भीड़

– उपाधारा पर हिलते लोहा पुल के सहारे मुख्य धारा पर पहुंचे श्रद्धालु

परबत्ता. माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रखंड के दक्षिणी छोर पर स्थित अगुवानी गंगा घाट पर रविवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. भीड़ ने पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया. लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर पूजा अर्चना की. दिनभर रामधुनी की मधुर धुन से गंगा घाट और आसपास का इलाका भक्तिमय बना रहा. अगुवानी गंगा घाट की मुख्य धारा और उपधारा में श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान पुण्य और पूजन किया. भारी भीड़ के कारण अगुवानी-नारायणपुर जीएन बांध मार्ग एवं अगुवानी-महेशखूंट सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही. छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतारें देखी गयी. एसडीपीओ साक्षी कुमारी, बीडीओ संतोष कुमार पंडित, सीओ हरिनाथ राम, परबत्ता थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी दल बल के साथ लगातार निगरानी बनाए हुए थे. मुख्य घाट पर दंडाधिकारी एसडीपीओ प्रतिभा आचार्य एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रजनीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक बागेश्वर तिवारी एवं सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार दास पुलिस बल के साथ तैनात थे.

10 दिवसीय मेला और गंगा महायज्ञ से बढ़ी भीड़

स्थानीय विधायक बाबूलाल शौर्य के घोषणा के बाद माघी पूर्णिमा के अवसर पर पहली बार अगुवानी गंगा घाट पर 10 दिवसीय मेला एवं श्रीगंगा महायज्ञ के आयोजन से माहौल भक्ति मय बना हुआ है. जिससे श्रद्धालुओं की भीड़ में भारी इजाफा हुआ. स्नान ध्यान के साथ दूर-दराज से आए लोगों ने मेले का भी जमकर आनंद लिया.

सेवार्थ शिविर में निःशुल्क पेयजल व चिकित्सा सुविधा

माघी पूर्णिमा के मौके पर हमारा परबत्ता सूचना व्हाट्सएप ग्रुप की ओर से लगातार 9 वें वर्ष निःशुल्क शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा के लिए सेवार्थ शिविर लगाया गया. शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत चेयरमेन प्रतिनिधि रंजीत साह, डॉ सर्वोत्तम कुमार, डॉ अविनाश कुमार, एसआई दिवाकर प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इसमें होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अविनाश कुमार एवं एलोपैथ चिकित्सक डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने अपनी सेवाएं दी. स्नान के दौरान एक लोग बेहोश हो गया था. जिसका इलाज शिविर में किया गया. वहीं कन्हैयाचक निवासी नीकेश कुमार द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया.

हिलने लगा लोहे का पुल

अगुवानी गंगा घाट पर इस बार श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ पड़ी. अगुवानी के मुख्य गंगा घाट तक जाने के लिए उपाधारा पर पुल निर्माण कंपनी द्वारा लोहे का पुल बनाया गया है. इसी पुल पर से ही लोग मुख्य धारा पर पहुंचते हैं. पुल हिलने की चर्चा प्रशासनिक महकमों के बीच पहुचा तो गोगरी एसडीओ साक्षी कुमारी, सीओ हरिनाथ राम पुलिस बल के साथ लोहे पुल के पास पहुंचे. हालांकि आर पार करते हुए श्रद्धालु भयभीत नजर आये. दिनभर पुल हिलने की चर्चा लोगों के बीच चर्चा में रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >