ट्यूशन से लौट रही नाबालिग छात्रा से बदतमीजी, साइकिल से खींचकर पीटा, 10 नामजद पर FIR दर्ज

खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरगढ़ में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सरेराह अभद्र व्यवहार किया गया और विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट की गई. इस मामले में गोगरी थाने में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट:

रास्ते में घात लगाकर बैठे युवक ने साइकिल से खींचा, मुंह में ठूंसा कपड़ा

पूरी घटना गोगरी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ इलाके की है. पीड़ित नाबालिग छात्रा द्वारा गोगरी थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, वह रोज की तरह अपनी साइकिल से ट्यूशन पढ़कर घर वापस लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाकर बैठे शेरगढ़ निवासी मरहूम तस्लीम के पुत्र मो. इजहार ने उसे सरेराह रोक लिया. आरोपी ने छात्रा के साथ बदतमीजी और अभद्र व्यवहार करते हुए उसे जबरन साइकिल से खींचकर नीचे सड़क पर गिरा दिया.

एकजुट होकर महिलाओं ने किया जानलेवा हमला, शोर मचाने पर भागे आरोपी

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि मो. इजहार द्वारा नीचे गिराए जाने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद फरहत खातून, इशरत खातून, विलकिस खातून, सबरा खातून, जैबा खातून, मोबिना खातून, रोजी खातून, खुशबु खातून और सहिना खातून ने एकमत होकर उस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया. इस मारपीट में नाबालिग छात्रा बुरी तरह लहूलुहान और घायल हो गई.

आरोप है कि इन लोगों ने छात्रा की आवाज दबाने और उसे जान से मारने की नीयत से उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. हालांकि, छात्रा द्वारा किसी तरह हिम्मत दिखाकर चीखने-चिल्लाने पर आसपास के स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तेजी से मौके की तरफ दौड़े. भारी भीड़ को अपनी ओर आता देख सभी नामजद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.

पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी: थानाध्यक्ष

घटना के बाद सहमी पीड़िता ने परिजनों के साथ गोगरी थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने नाबालिग छात्रा के लिखित आवेदन के आधार पर गोगरी थाना कांड संख्या 154/26 के तहत पोक्सो (POCSO) एक्ट और मारपीट की गंभीर धाराओं में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि जिला पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार मामले का वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. उन्होंने साफ कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले और नाबालिग से बर्बरता करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, और पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही सभी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >