मध्य प्रदेश में टावर से गिरकर चौथम के मजदूर की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के भिरिया गांव निवासी 35 वर्षीय अनोज कुमार की मध्य प्रदेश में टावर से गिरने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई. रविवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया.

खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत भिरिया गांव निवासी एक मजदूर की मध्य प्रदेश में टावर से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान प्रकाश सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अनोज कुमार के रूप में हुई है. रविवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

टावर पर काम करने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अनोज कुमार टावर पर मिस्त्री का काम करते थे. बीते 3 जुलाई को कार्य के दौरान वह ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 जुलाई को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

शव पहुंचते ही गम में डूबा गांव

रविवार सुबह करीब नौ बजे मृतक का शव भिरिया गांव पहुंचा. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पत्नी काजल देवी बेसुध हो गईं, जबकि उनके तीन छोटे-छोटे बच्चों पुत्र अंश कुमार, अभिनव कुमार और पुत्री अंशिका कुमारी की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा. बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए मृतक के घर पहुंचे.

जनप्रतिनिधियों ने दी सांत्वना

शव पहुंचने की सूचना पर पूर्व मुखिया मनोज कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा कुमार, बॉबी कुमार, धीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अनोज कुमार की असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dhiraj kumar singh

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >