खगड़िया से रिपोर्ट
Khagaria Railway News: खगड़िया, कोसी और सीमांचल के लाखों रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगें अब एक बार फिर रेलवे प्रशासन के सामने मजबूती से रखी गई हैं. ट्रेनों के ठहराव से लेकर नई रेल सेवाएं, स्टेशन विकास, मेडिकल सुविधा, रेल ओवरब्रिज और छोटे स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं तक कुल 42 महत्वपूर्ण मांगों को पूर्व मध्य रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक में उठाया गया. इन मांगों के पूरा होने पर खगड़िया सहित पूरे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
रेलवे की बैठक में गूंजी यात्रियों की आवाज
पूर्व मध्य रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में सांसद राजेश वर्मा के प्रतिनिधि एवं जेडआरयूसीसी सदस्य विकास कुमार सिंह ने क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखा. उन्होंने कहा कि खगड़िया जंक्शन पूर्व मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने रेलवे प्रशासन से क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के ठहराव और नई रेल सेवाओं पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की.
इन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
बैठक में खगड़िया जंक्शन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई. इनमें किशनगंज-अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस, कामाख्या-गांधीनगर एक्सप्रेस, अगरतला-फिरोजपुर त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस और पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं.
इसके अलावा पसराहा, सिमरी बख्तियारपुर, धमारा घाट, कोपड़िया और इमली रेलवे स्टेशनों पर भी विभिन्न ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रखा गया, ताकि छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिल सके.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
नई ट्रेन और रूट विस्तार का भी रखा प्रस्ताव
बैठक में जमालपुर-महेशखंट पैसेंजर ट्रेन को पसराहा तक विस्तारित करने की मांग की गई. साथ ही कई एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट विस्तार का भी प्रस्ताव रखा गया.
इसके अलावा खगड़िया और पटना के बीच नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन चलाने तथा पटना-बांद्रा टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन कटिहार से शुरू करने का सुझाव भी रेलवे प्रशासन को दिया गया.
स्टेशनों पर मेडिकल सुविधा और बेहतर यात्री सुविधाओं की मांग
रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खगड़िया जंक्शन पर 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई. इसके साथ ही छोटे रेलवे स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की जरूरत बताई गई.
बैठक में सिंहमा हॉल्ट के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई. वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर भी जोर दिया गया.
Khagaria Railway News: स्टेशनों के नाम बदलने और रेल ओवरब्रिज की भी उठी मांग
जेडआरयूसीसी सदस्य विकास कुमार सिंह ने अलौली रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा. साथ ही धमारा घाट स्टेशन का नाम माता कात्यायनी धाम स्टेशन करने की मांग भी की.
इसके अलावा विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल ओवरब्रिज, अंडरपास और संपर्क सड़कों के निर्माण की आवश्यकता पर भी रेलवे अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया.
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
यदि रेलवे इन मांगों पर चरणबद्ध तरीके से निर्णय लेता है तो खगड़िया, कोसी और सीमांचल के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. नई ट्रेनों, अतिरिक्त ठहराव, बेहतर स्टेशन सुविधाओं और मजबूत रेल संपर्क से यात्रा आसान होगी. साथ ही क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
