Khagaria News: खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया है. जमालपुर बाजार निवासी मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता पर आरोप है कि वह खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था और सरकारी पहचान का इस्तेमाल कर प्रभाव तथा कथित ठगी का नेटवर्क चलाता था. पुलिस ने उसके घर पर करीब साढ़े सात घंटे तक छापेमारी कर Government of India बोर्ड लगी Tesla कार, Tata Safari, विदेशी शराब, कई मोबाइल, लैपटॉप, बैंक कार्ड और कथित फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं.
खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह ने रविवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी के खिलाफ गोगरी थाना में अलग-अलग कांड दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
गुप्त सूचना के बाद हुई लंबी छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार निवासी परमेश्वर प्रसाद गुप्ता के पुत्र मनीष कुमार अपने वाहनों पर सरकारी बोर्ड लगाकर घूमता है और खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता है.
सूचना के सत्यापन के बाद जिला अपराध इकाई, गोगरी पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की.
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई करीब साढ़े सात घंटे तक चली, जिसके दौरान कई महत्वपूर्ण सामान और दस्तावेज बरामद हुए.
मोबाइल पर दिखाता था कथित IAS पहचान पत्र
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को IAS अधिकारी बताया.
पुलिस के अनुसार उसने अपने मोबाइल फोन में ऐसा कथित पहचान पत्र भी दिखाया, जिसमें वह खुद को भारतीय सुरक्षा प्रमुख अजीत डोभाल का अंडरकवर सेक्रेटरी बताता था.
एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह दावा फर्जी प्रतीत हुआ.
आरोपी ने स्वयं को केंद्रीय सतर्कता आयोग से जुड़ा होने का दावा भी किया था.
Tesla और Tata Safari पर लगा था Government of India बोर्ड
छापेमारी के दौरान पुलिस ने Tesla कंपनी की एक कार और Tata Safari बरामद की.
पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों पर Government of India का बोर्ड लगा हुआ था.
अब यह जांच की जा रही है कि इन वाहनों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और वाहनों के दस्तावेज किसके नाम पर दर्ज हैं.
घर से 29 ब्रांड की विदेशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने 29 अलग-अलग विदेशी ब्रांड की कुल 31.240 लीटर विदेशी शराब, लगभग 9.9 लीटर बीयर और 30 लीटर सोडा वाटर भी बरामद किया.
एसपी के अनुसार शराब बरामदगी को लेकर गोगरी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है.
बरामद शराब में कई महंगे विदेशी ब्रांड शामिल बताए गए हैं.
कई मोबाइल, लैपटॉप और बैंक कार्ड भी मिले
पुलिस ने आरोपी के घर से Apple कंपनी के पांच मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, विभिन्न बैंकों के 20 क्रेडिट कार्ड, आठ डेबिट कार्ड और चार चेकबुक भी जब्त किए हैं.
इसके अलावा बारहसिंगा के दो सींग और ऐसा परिचय पत्र भी मिला, जिस पर IAS और भारतीय सतर्कता आयोग से संबंधित पहचान अंकित थी.
Khagaria News: कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
एसपी भानू प्रताप सिंह ने बताया कि गोगरी थाना कांड संख्या 286/26 दर्ज किया गया है.
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं.
वहीं शराब बरामदगी के मामले में गोगरी थाना कांड संख्या 287/26 दर्ज किया गया है.
अब जांच का केंद्र है ठगी का नेटवर्क
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मनीष कुमार ने फर्जी IAS अधिकारी बनकर कितने लोगों को प्रभावित किया, क्या उसने किसी से आर्थिक लाभ या ठगी की, और सरकारी अधिकारी की पहचान का उपयोग कर कोई अवैध फायदा तो नहीं उठाया.
इसके साथ ही बरामद वाहनों, बैंक कार्ड, संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
एसपी ने कहा कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: RJD की 20 साल की सियासी कहानी: 2005 की हार से 2020 की वापसी और 2025 के झटके तक, कहां चूकी पार्टी?
