खगड़िया से प्रवीण कुमार प्रियांशु की रिपोर्ट:
खगड़िया: जिले के अलौली प्रखंड अंतर्गत बहादुरपुर थाना क्षेत्र के छिलकौड़ी पंचायत स्थित कचना गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. कचना धार नदी में डूबने से 7 वर्षीय मासूम शिवांकर कुमार की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान कचना गांव निवासी सतीश सदा के 7 वर्षीय पुत्र शिवांकर कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे शिवांकर गांव के अन्य बच्चों के साथ कचना धार नदी में नहाने गया था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चा तेज धारा में बह चुका था.
बताया गया कि घटना के समय बच्चे की मां खेत में मक्का काटने गई हुई थी. घर लौटने पर बेटे के लापता होने की सूचना मिलते ही वह बदहवास होकर नदी किनारे पहुंची. इसके बाद ग्रामीणों ने घंटों तक खोजबीन की और देर रात शिवांकर का शव नदी से बरामद किया गया.
शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मां अपने बेटे के शव से लिपटकर बार-बार बेहोश होती रही, जबकि ग्रामीण उसे संभालने में जुटे रहे. ग्रामीणों ने बताया कि शिवांकर बेहद चंचल और मिलनसार स्वभाव का बच्चा था, जिससे उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
घटना की सूचना पर बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बहादुरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
