Khagaria Har Ghar Tiranga: परबत्ता (खगड़िया). स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर परबत्ता प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में गतिविधियों की तैयारी तेज कर दी गई है. विद्यालय परिसरों में तिरंगा सजावट के साथ प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीत, क्विज प्रतियोगिता और राष्ट्रगान जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है.
मध्य विद्यालय बिठला में तिरंगे के रंग में सजा परिसर
मध्य विद्यालय बिठला में शिक्षक मो. रियाजउद्दीन के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विशेष तैयारी की गई. विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया है. शिक्षक और विद्यार्थी अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने में जुटे हैं.
सौढ़ में प्रभात फेरी का कराया गया रिहर्सल
मध्य विद्यालय सौढ़ में भी शिक्षक रियाजुद्दीन के नेतृत्व में प्रभात फेरी का रिहर्सल कराया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा झंडा लेकर शामिल हुए. विद्यार्थियों में अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
भारत माता के रूप में नजर आई वैष्णवी
नगर पंचायत परबत्ता स्थित मध्य विद्यालय परबत्ता में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. यहां कक्षा पांच की छात्रा वैष्णवी कुमारी भारत माता के रूप में नजर आईं. उनकी प्रस्तुति ने विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया.
17 अगस्त तक होंगी विभिन्न गतिविधियां
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि सरकारी निर्देश के अनुसार 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जानी हैं. इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम होंगे.
'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' है इस वर्ष की थीम
Khagaria Har Ghar Tiranga: शिक्षकों के अनुसार इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान की थीम 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' रखी गई है. अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है.प्रखंड के अन्य विद्यालयों में भी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
