बिना वैध कागजात चल रहे गोगरी के हरिराज क्लिनिक पर प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

गोगरी के हरिराज क्लिनिक पर संचालित क्लिनिक के संचालक डॉ. पंकज कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी में कई खामियां पाईं, जिससे क्लिनिक सील कर दिया गया. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

खगड़िया, गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट. गोगरी जमालपुर बाजार बाइपास गांधी चौक स्थित हरिराज क्लिनिक के संचालक डॉ. पंकज कुमार के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने खगड़िया सिविल सर्जन के निर्देश पर रविवार को गोगरी थाना में लिखित आवेदन दिया. इससे पहले शनिवार को एसडीओ संजय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक में छापेमारी की थी. जांच के दौरान क्लिनिक के संचालन से संबंधित कई दस्तावेज और व्यवस्थाओं में खामियां मिलने की बात कही गयी है.

क्लिनिक का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी वैध नहीं मिला

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के आवेदन के अनुसार छापेमारी के दौरान क्लिनिक के संचालक डॉ. पंकज कुमार मौके पर मौजूद थे. टीम ने निजी क्लिनिक के संचालन से संबंधित रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, कचरा प्रबंधन और अग्निशमन से जुड़े दस्तावेज मांगे. संचालक की ओर से क्लिनिक के रजिस्ट्रेशन से संबंधित प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया गया, जिसकी वैधता 5 सितंबर 2023 तक ही बतायी गयी है. आवेदन के अनुसार इसके अलावा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए.

क्लिनिक में भर्ती मिला मरीज, ओपीडी में भी थे कई लोग

छापेमारी के दौरान क्लिनिक में एक मरीज भर्ती पाया गया. पूछताछ में उसकी पहचान पूजा कुमारी, उम्र 20 वर्ष, पति विकास सिंह, ग्राम बाबूचकला, वार्ड नंबर-08 के रूप में बतायी गयी. जांच टीम के अनुसार क्लिनिक में ओपीडी में दिखाने के लिए कई अन्य मरीज भी इंतजार कर रहे थे.

चिकित्सक कक्ष में मिलीं एलोपैथिक दवाएं और उपकरण

जांच के दौरान चिकित्सक कक्ष की टेबल पर विभिन्न प्रकार की एलोपैथिक दवाएं मिलने की बात भी आवेदन में कही गयी है. इसके अलावा क्लिनिक परिसर में कई प्रकार के मेडिकल उपकरण भी पाए गए. स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी के बाद क्लिनिक को सील कर दिया था.

एसडीओ के नेतृत्व में हुई थी छापेमारी

गोगरी एसडीओ संजय कुमार, बीडीओ रघुनन्दन आनंद और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को हरिराज क्लिनिक में छापेमारी की थी. कार्रवाई के बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया. इसके बाद रविवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गोगरी पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. कार्रवाई के बाद बाइपास रोड स्थित क्लिनिक में ताला बंद है. पुलिस अब प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों, क्लिनिक के दस्तावेजों और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

आरोपी चिकित्सक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं आरोपी चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि क्लिनिक में प्रसव के दौरान किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है. उन्होंने नवजात बच्चे के परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया. मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी.

कार्रवाई के बाद निजी क्लीनिक संचालकों में हड़कंप

स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी और कार्रवाई के बाद गोगरी क्षेत्र के निजी क्लीनिक संचालकों में हड़कंप की स्थिति है. विभाग की ओर से दस्तावेजों और क्लिनिक की व्यवस्थाओं की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज होने से अब अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन को लेकर भी निगरानी बढ़ने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >