इलाज में लापरवाही को लेकर जिप सदस्य ने किया कार्रवाई की मांग
चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोपवैक्सीन उपलब्ध रहने के बावजूद नहीं लगाया गया एंटी स्नेक वेनम, किया रेफर-रजनीकांत कुमार
खगड़िया से रिपोर्ट,
जिला परिषद क्षेत्र संख्या–01 के सदस्य रजनीकांत कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलौली के चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी, सिविल सर्जन एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को आवेदन देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है.उन्होंने बताया कि ग्राम सांझाउती निवासी चार वर्षीय मासूम बच्चे को जहरीले सांप ने काट लिया था. परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलौली लेकर पहुंचे, जहां “सस्पेक्टेड स्नेक बाइट” की पुष्टि होने के बावजूद चिकित्सकों ने बच्चे को समय पर एंटी स्नेक वेनम (ASV) नहीं लगाया, जबकि अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध था. इलाज करने के बजाय बच्चे को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार ने कहा कि अगर समय पर बच्चे को एंटी स्नेक वेनम लगाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों के कुछ डॉक्टर अपने कर्तव्य का पालन करने के बजाय हर मामले में मरीजों को रेफर करने की आदत बना चुके हैं.
उन्होंने कहा कि “जब अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध था तो बच्चे को तत्काल इलाज क्यों नहीं दिया गया? आखिर डॉक्टरों की जिम्मेदारी इलाज करना है या सिर्फ रेफर करना?”रजनीकांत कुमार ने प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, अलौली की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अलौली की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है.