बेलदौर नगर पंचायत क्षेत्र के पुनर्वास गांव में शुक्रवार की देर शाम उस समय अफरातफरी मच गयी, जब अचानक एक जंगली जानवर ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया. घटना में तीन वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
घर के पास बैठे थे ग्रामीण जानकारी के अनुसार, सुबोध साह के घर के समीप शुक्रवार की शाम कई ग्रामीण बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर वहां पहुंचा और लोगों पर हमला शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले से ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
पांच लोग हुए घायल हमले में राजो सादा की पत्नी मेंमिना देवी, अमित सादा की पत्नी सुनीता देवी, संतोष सादा की पत्नी सबिता देवी, पूर्व वार्ड सदस्य विलास शर्मा के पुत्र रविन्द्र शर्मा तथा रूपन सादा की तीन वर्षीय पुत्री जुली कुमारी घायल हो गयीं.
सीएचसी में कराया गया इलाज घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी बेलदौर पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. समय पर इलाज मिलने के बाद घायलों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है.
भेड़िये के हमले की बात सीएचसी के चिकित्सक डॉ विनोद कुमार ने बताया कि भेड़िये के हमले में घायल पांचों लोगों का समुचित उपचार किया गया है. फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं और सुरक्षित हैं.
ग्रामीणों में बना हुआ है भय जंगली जानवर के अचानक गांव में पहुंचकर हमला करने की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
