अनुमंडलीय अस्पताल में परिवार नियोजन पखवाड़ा का प्रभारी ने किया उद्घाटन

गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में परिवार नियोजन पखवाड़ा का उद्घाटन हुआ। प्रभारी डॉक्टर ने जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के महत्व पर जोर दिया।

गोगरी (खगड़िया). अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी में 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले परिवार नियोजन पखवारे का आयोजन किया गया. शनिवार से आयोजित परिवार विकास मेला सह पखवारा का उद्घाटन गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश, प्रबंधक रूपक कुमार, पूजा कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर शोभा रानी प्रसाद सहित अन्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. प्रभारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने दो बच्चों के बीच में अंतर रखने की सलाह देते हुए गर्भ निरोधक का उपयोग करने और परिवार नियोजन के लिए ऑपरेशन करवाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और देश में बढ़ती आबादी पर सबकी सहभागिता को जरूरी बताया.

परिवार नियोजन जागरूकता को लेकर रथ रवाना

परिवार नियोजन के जागरूकता को लेकर अस्पताल से प्रभारी ने जागरूकता रैली को भी रवाना किया. प्रभारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने उद्घाटन के बाद मेले में लगे परिवार नियोजन उपाय के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और मेले में स्वयं का स्वास्थ्य जांच भी कराया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जनसंख्या को रोकने के लिए सरकार हर साल परिवार नियोजन कार्यक्रम चला रही है. शादी के बाद जल्दी बच्चा न हो और पहले और दूसरे बच्चे के बीच का अंतराल कम से कम तीन वर्ष को अवश्य हो इसका ध्यान रखना सबसे जरूरी है. साथ ही बताया कि कम अंतराल में बच्चे को जन्म देने से मां के साथ बच्चे भी कमजोर हो जाते हैं. साथ ही बच्चों का पालन-पोषण भी ठीक से नहीं हो पाता है, ऐसे में बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं.

एक-दो बच्चे के बाद परिवार नियोजन कराने की आवश्यकता

आज सभी लोगों को एक-दो बच्चे के बाद परिवार नियोजन कराने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि महिला या पुरुष को परिवार नियोजन कराने से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि परिवार नियोजन के कई तरीके हैं, सिर्फ उसका उपयोग करने की जरूरत है. मौके पर मौजूद डॉक्टर शोभा रानी प्रसाद और डॉक्टर गुंजन कुमारी ने कहा कि शादी के बाद महिलाएं एक बच्चे के जन्म के बाद तीन साल या उससे अधिक का समय लें, परिवार नियोजन की कई विधियां उपलब्ध हैं. इसके लिए दवा, इंजेक्शन आदि का भी उपयोग कर सकते हैं.

पुरुष को परिवार नियोजन के लिए आगे आने की जरूरत

बताया कि वर्तमान समय में पुरुष को परिवार नियोजन के लिए आगे आने की जरूरत है. इस पखवाड़े मे परिवार नियोजन के स्थायी साधन जैसे- महिला बंध्याकरण एवं पुरूष नसबंदी पर जोर दिया जायेगा. मौके पर डा. शोभा रानी प्रसाद ,डा. रोशेक, डा. गुंजन कुमारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक रूपक कुमार, बीसीएम नीतु कुमारी, परामर्शी राजीव कुमार, केटीएस ओमप्रकाश यादव सहित काफी संख्या में आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >