अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकथाम को लेकर चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम मानसी अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने को लेकर मानसी प्रखंड सभागार में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी श्याम किशोर शर्मा ने की. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि बाल विवाह अपराध है और इस पर चुप्पी भी अपराध है, उन्होंने बताया कि प्रखंड प्रशासन द्वारा पूर्व से ही ग्रामीणों स्तर पर निगरानी तंत्र को सक्रिय रखते हुए बाल विवाह रोकने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं. सभी संबंधित कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका घनश्याम दीनबंधु ने कहा कि जीविका समूह जमीनी स्तर पर सबसे मजबूत कड़ी हैं और इनके माध्यम से बाल विवाह रोकथाम का अभियान लगातार चलाया जा रहा है, उन्होंने जीविका दीदियों को सक्रिय निगरानी एवं त्वरित सूचना देने का निर्देश दिया. कार्यक्रम का आयोजन तटवासी समाज न्यास, खगड़िया (जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन, दिल्ली की सहयोगी संस्था) द्वारा किया गया. संस्था के प्रतिनिधि राम कुमार एवं ममता कुमारी ने बताया की संस्था लगातार गांव गांव में जागरूकता, निगरानी एवं हस्तक्षेप के माध्यम से बाल विवाह रोकने का कार्य कर रही है. कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदिया प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई.
बाल विवाह को रोकने के लिए किये जा रहे सतत प्रयास : बीडीओ
अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने को लेकर मानसी प्रखंड सभागार में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
