चौथम थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव के तीन मजदूर दिल्ली में खाना बनाने के दौरान आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गये. हादसे के बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गयी. तीसरे घायल मजदूर का इलाज अभी जारी है. घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही नौरंगा में मातमी सन्नाटा पसर गया.
मिली जानकारी के अनुसार नौरंगा गांव निवासी आजाद यादव, शोषम कुमार और सुबोध पासवान दिल्ली में रहकर मजदूरी करते थे. बीते 6 अगस्त को दिल्ली के सदर बाजार में खाना बनाने के दौरान अचानक तीनों आग की चपेट में आ गये. हादसे में तीनों गंभीर रूप से झुलस गये थे. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान दो मजदूरों ने तोड़ा दम
इलाज के दौरान 10 अगस्त को शोषम कुमार की मौत हो गयी. वहीं इलाज के बाद घर लौटने के दौरान 11 अगस्त को आजाद यादव की भी रास्ते में मौत हो गयी. तीसरे घायल सुबोध पासवान का इलाज पूर्णिया में चल रहा है.
दो मजदूरों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गयी. हादसे ने एक साथ दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
आजाद यादव और शोषम कुमार के शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. शव देखते ही पत्नी, मां, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया और गांव में मातम पसर गया.
आजाद यादव की पत्नी मंजू देवी, दो पुत्र गोलू और राजू सहित तीन पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं शोषम कुमार की मौत से उनकी मां शीला देवी समेत पूरे परिवार में शोक का माहौल है. बताया जाता है कि शोषम कुमार तीन भाइयों में मंझले थे.
परिवार के सामने रोजी-रोटी और बेटियों की शादी की चिंता
आजाद यादव अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के भरण-पोषण की चिंता परिजनों को सताने लगी है. आजाद के पीछे पत्नी मंजू देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. इनमें एक पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्रियों की शादी अभी बाकी बतायी जा रही है.
परिजनों के सामने अब बच्चों की परवरिश और बेटियों की शादी की जिम्मेदारी बड़ी चुनौती बन गयी है. परिवार के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से आर्थिक संकट भी गहरा गया है.
ग्रामीणों ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह, सूरज कुमार, वार्ड सदस्य बलबीर यादव, शुभम कुमार, ढोंगल यादव सहित अन्य लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
दिल्ली में हुए इस हादसे ने नौरंगा गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. दो मजदूरों की मौत से जहां परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं तीसरे घायल सुबोध पासवान के जल्द स्वस्थ होने की ग्रामीण कामना कर रहे हैं.
