बेलदौर. थाना क्षेत्र के पीरनगरा गांव में जेनरल स्टोर के दुकान पर पहुंचकर हथियार का भय दिखाकर गल्ले में रखे नकदी 25 हजार लूट लेने का मामला प्रकाश में आया है. घटना रविवार की दोपहर करीब 12:35 पर घटित होने की बात बताई जा रही है. पीड़ित दुकानदार पीरनगरा पंचायत के वार्ड 11 निवासी ललन यादव के पुत्र मनजीत कुमार ने थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मामले से अवगत कराते आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित के मुताबिक बीते 13 फरवरी की रात्रि करीब 12 बजे उनके गांव के ही डोमी यादव के पुत्र लभ कुमार नशे की हालत में दुकान पर आया व दुकान में हल्ला करने लगा. वहीं शोरगुल सुनकर जब दुकान पर आया तो उक्त आरोपित अपने हाथ में देसी कट्टा लहराते हुए मुझे गाली-गलौज करते सिगरेट मांगने लगा, लेकिन हथियार के डर से मैं अपने घर में दुबक गया. इससे आक्रोशित होकर आरोपित रविवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मेरे दुकान पर आया व मुझे अकेले देखकर आरोपित ने अपने कमर से देसी कट्टा निकालकर जान से मारने की धमकी देते दुकान के गल्ले में रखे नकदी 25 हजार रुपये लेकर हथियार लहराते फरार हो गये. इस संबंध में थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
