खगड़िया : चौथम थाना क्षेत्र के बासी गांव निवासी बिनोद राय के पुत्र बरुण कुमार को भोजपुर पुलिस ने ठगी के एक मामले में गिरफ्तार किया है. भोजपुर पुलिस ने चौथम थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी. गिरफ्तारी के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गयी हैं.
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ठगी का आरोप
बताया जाता है कि बरुण कुमार पर सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवती से दोस्ती कर उसे विश्वास में लेने और करीब चार लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है. आरोप है कि सोशल मीडिया पर गलत बायोडाटा और अन्य जानकारी देकर युवती को विश्वास में लिया गया, जिसके बाद उससे रुपये लिये गये.
इसी मामले में भोजपुर पुलिस को बरुण कुमार की तलाश थी. सूचना के आधार पर भोजपुर पुलिस चौथम पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी.
ग्रामीणों से भी रुपये लेने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि बरुण कुमार ने गांव के कई लोगों से रुपये ले रखे हैं. हालांकि, इन लोगों से कितनी राशि ली गयी और इससे जुड़ा मामला क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
पुलिस की कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया के जरिए होने वाली दोस्ती, फर्जी पहचान और ठगी के मामलों को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गयी है. हालांकि, बरुण कुमार पर लगे आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
