– मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा में डूबने से पशुपालक की हुई मौत – मानसी थाना क्षेत्र के घरारी गांव में अमौसी के युवक की सड़क दुर्घटना में गयी जान खगड़िया. जिले में अलग-अलग हुई घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गयी. रविवार को पुलिस शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया. बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के मथार दियारा गांव के वार्ड संख्या छह निवासी उधो यादव के 16 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार की गंगा नदी में डूबकर मौत हो गयी. मृतक के पिता ने बताया कि गंगा नदी में भैंस को स्नान कराने गया था. इसी दौरान एक बालक डूब रहा था. डूबते ही बालक को बचाने गया. बालक को तो बचा लिया, लेकिन सन्नी गहरे पानी में चला गया. गंगा नदी में सन्नी लापता हो गया. नदी किनारे खेल रहे अन्य बालकों ने घटना की सूचना परिजनों को दी. परिजनों ने गंगा नदी में लगभग एक घंटे तक तलाश की तो सन्नी का शव बरामद हुआ. शव को देखते ही परिजनों के बीच चीख पुकार मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गयी. लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बताया कि सन्नी आठवीं कक्षा में पढ़ता था. पढ़ाई के साथ पिता के कामों में हाथ बढ़ाता था. इधर, अमौसी थाना क्षेत्र के अमौसी गांव के एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना बीते शनिवार देर शाम की बतायी जा रही है. रविवार को पुलिस शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया. बताया जाता है कि अमौसी गांव के वार्ड 15 निवासी बिरजू सहनी के 18 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गया. मृतक के दादा गोपाल सहनी ने बताया कि शनिवार की शाम सुमित बाइक से मानसी जा रहा था. इसी दौरान मानसी-खगड़िया के बीच घरारी गांव में अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार सुमित को कुचल दिया गया. जिसके कारण सुमित की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया कि पुलिस द्वारा घटना की सूचना दी गयी. पिकअप चालक फरार हो गया. उन्होंने बताया कि सुमित ऑटो चलाकर जीवन यापन करता था. घटना के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. मृतक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
अलग-अलग घटनाओं में पशुपालक व ऑटो चालक की मौत
घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गयी
