आंध्रप्रदेश में सड़क हादसे में बेलदौर के मजदूर की मौत, शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मची चित्कार

आंध्रप्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हुए बिहार के एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिंटू कुमार का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

खगड़िया : आंध्रप्रदेश में सड़क दुर्घटना में घायल बेलदौर के एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गयी. शुक्रवार को एंबुलेंस से शव बोबिल पंचायत के सिकंदरपुर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान बोबिल पंचायत के वार्ड नंबर 12, सिकंदरपुर गांव निवासी सिंटू कुमार के रूप में हुई है. उनकी माता का नाम अमली देवी बताया गया है.

ग्रामीणों के अनुसार, सिंटू कुमार आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा जिले के मंगलगिरि स्थित मेघा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ठेकेदार के रूप में काम करते थे. गत 27 जुलाई को स्कूटी से काम पर जाने के दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी. हादसे में सिंटू गंभीर रूप से घायल हो गये.

घटना के बाद उन्हें विजयवाड़ा एम्स में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान गत 11 अगस्त की शाम उनकी मौत हो गयी. इसके बाद एंबुलेंस से शव उनके पैतृक गांव सिकंदरपुर लाया गया.

परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे सिंटू

मृतक के मामा उमेश सिंह ने बताया कि सिंटू का जन्म उनके ननिहाल में हुआ था. वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और काफी मेहनती थे. सिंटू के पिता ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद उनकी मां अमली देवी अपने मायके में ही रह रही थीं.

सिंटू की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. शव गांव पहुंचने के बाद सिकंदरपुर में मातमी माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना की जानकारी मिलने पर बोबिल पंचायत की मुखिया संगीता देवी, समाजसेवी ऋषभ कुमार समेत अन्य गणमान्य लोगों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >