Khagaria Murder: अलौली (खगड़िया). अलौली थाना क्षेत्र के फुलतौड़ा पुल के समीप शुक्रवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व सरपंच के पुत्र जंगली पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. एसपी भानु प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया.
नाम पूछा, हाथ मिलाया और कर दी हत्या
जानकारी के अनुसार मेघौना पंचायत के ज्वालापुर गांव निवासी पूर्व सरपंच सुचिता देवी के 31 वर्षीय पुत्र जंगली पटेल फुलतौड़ा चौक पर अपने बेटे और बेटी के साथ खड़े थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पहले उनका नाम पूछा, फिर हाथ मिलाया और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. कई गोलियां लगने से जंगली पटेल की मौके पर ही मौत हो गई.
हवाई फायरिंग करते हुए फरार हुए बदमाश
गोलीबारी की आवाज सुनते ही चौक पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
एसपी पहुंचे, एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही एसपी भानु प्रताप सिंह, एएसपी मुकुल रंजन, डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
सहरसा, दरभंगा और समस्तीपुर तक छापेमारी
पुलिस ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जिले के सीमावर्ती सहरसा, दरभंगा और समस्तीपुर क्षेत्रों में भी सघन अभियान चलाया जा रहा है. हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुराना विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
चार घंटे तक सड़क जाम
Khagaria Murder: हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फुलतौड़ा चौक के समीप सड़क जाम कर दिया. करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा. पुलिस अधिकारियों द्वारा शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.
