दुखद : मथुरापुर पंचायत के नवटोलिया गांव में ऑटो ने स्कूल जा रहे दो छात्रों को कुचला, एक की मौत, एक घायल
नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर पंचायत के नवटोलिया गांव में एक ऑटो ने स्कूल जा रहे दो छात्रों को कुचल दिया. जिसके कारण एक छात्र की मौत घटना स्थल पर हो गयी जबकि दूसरा छात्र जीवन और मौत से अस्पताल में जूझ रहा है.
खगड़िया : सड़क दुर्घटना में स्कूली छात्र की हुयी मौत के बाद गुस्सायी भीड़ ले सकती थी ड्राइवर की जान. लेकिन जिला परिषद प्रियदर्शना सिंह के प्रतिनिधि सह शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह के सुझबूझ के कारण चालक की जान बचायी जा सकी. बाद में पुलिस ने चालक को प्राथमिक विद्यालय नवटोलिया से थाना लाया. इससे पहले घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने छात्र का शव देखते ही चालक को पकड़कर पिटाई कर दिया. इतना ही नहीं धुनाई के बाद चालक को गांव के एक कमरे में बंद कर दिया.
पुलिस की मौजूदगी में तथा अंचलाधिकारी की उपस्थिति के कारण आक्रोशित भीड़ चालक की जान नहीं ले पाया. बाद में शिक्षक नेता मनीष ने स्थानीय लोगों की मदद बंद कमरे से चालक को निकालकर पुलिस को सौंपने की कोशिश की. लेकिन चालक को देखते ही स्थानीय महिलाएं उस पर टूट पड़ा. लेकिन मनीष अपने सहयोगियों और पुलिस के साथ घेरा बनाकर ड्राइवर की जान बचाने में कामयाब हुए.
बनाया जाएगा फ्लेंक :
सड़क दुर्घटना में स्कूली छात्र की हुयी मौत के बाद स्थानीय लोगों ने अंचलाधिकारी नौशाद आलम से पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की. साथ ही स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क किनारे फुटपाथ नहीं रहने के कारण लगातार यह घटना घट रही है. यदि सड़क के किनारे फुटपाथ रहता तो ऐसी घटनाओं की संभावना कम होती. सीओ ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा. जिससे आने वाले समय में इस तरह की घटना ना हो. मौके पर एसआई सिंटू झा, संतोष कुमार, कमला प्रसाद, टायगर मोबाइल दिनेश कुमार, शशि कुमार, इरशाद आलम, रोहित पुलिस कर्मी आदि तैनात थे.
बहन के साथ नहीं जाने के कारण हुई घटना
समीर व सुमित प्रतिदिन बहन मौसम के साथ विद्यालय आया करता था. लेकिन गुरुवार को वह समीर व सुमित समय पर तैयार नहीं हो पाया. इसलिए मौसम स्कूल पहले पहुंच गयी. जबकि समीर व सुमित एक साथ विद्यालय जा रहा था. उसे क्या पता था कि पीछे से आ रही ऑटो उसे कुचल देगा. यदि समीर बहन के साथ स्कूल चला जाता तो शायद यह घटना नहीं होती.
घटना के बाद स्कूल में शोक की लहर
सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत होने की खबर सुनते ही प्राथमिक विद्यालय नवटोलिया के एक भी छात्र विद्यालय पढ़ने नहीं गये. विद्यालय में शिक्षक भी शोक में डूबे मिले. विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिव दर्शन, प्रवीण शंकर ने बताया कि समीर मेधावी छात्र था. वह द्वितीय वर्ग का छात्र था. प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी वह विद्यालय आ रहा था. इसी दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया.
नवसुखिआ चालक के कारण गयी बच्चे की जान
दो बच्चे को कुचलने वाला चालक नवसिखुआ था. यही कारण है कि अलौली से खगड़िया आने के दौरान नवटोलिया में स्कूल जा रहे दो छात्र समीर व सुमित को ऑटो चालक ने कुचल दिया. जिसके कारण समीर की मौत घटनास्थल पर हो गयी. ऑटो चालक अलौली निवासी रघुनी यादव के पुत्र बमबम ने बताया कि वह एक सप्ताह पहले ही गांव के सुबोध का ऑटो चलाना शुरू किया. इससे पहले कभी ऑटो नहीं चलाया था.
