पकड़िया–तेलडीहा सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर उठे सवाल, कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं
घटिया गुणवत्ता में सड़क का निर्माण किया गया तो यह सड़क अधिक दिनों तक टिक नहीं पाएगी.
पकड़िया–तेलडीहा मुख्य सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर उठे सवाल, लोगों में रोष
उदाकिशुनगंज
नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत पकड़िया से तेलडीहा गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क का पीसीसी ढलाई निर्माण कार्य कराया जा रहा है. यह निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के तहत किया जा रहा है, हालांकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. पीसीसी ढलाई के बाद ही कई स्थानों पर सड़क की सतह पर दरारें और उखड़ने के निशान दिखाई देने लगे हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार से घटिया गुणवत्ता में सड़क का निर्माण किया गया तो यह सड़क अधिक दिनों तक टिक नहीं पाएगी. स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य स्थल पर विभाग की ओर से किसी प्रकार का सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि योजना की लागत कितनी है, निर्माण एजेंसी कौन है और कार्य कब तक पूरा होना है. इससे लोगों में और अधिक असंतोष फैल रहा है. इस संबंध में उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि जॉनसन दास ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो इसकी जांच कर संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की जाएगी. साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर योजना से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने की भी आवश्यकता बताई, ताकि लोगों को योजना की पूरी जानकारी मिल सके. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की जांच कराने और गुणवत्ता के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है.