अनदेखी. अनुमंडल व नपं क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहे पर बराबर लगा रहता है जाम
जाम की समस्या से निजात के दिलाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन या पुलिस द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है़ इससे शहरवासियों को प्रतिदिन जाम में फंस कर परेशानी का सामना करना पड़ता है़
गोगरी़ : जिले में प्रमुख चौक चौराहे पर जाम की गंभीर समस्या है. इससे आम लोग परेशान होते रहते हैं. वहीं जाम की समस्या से निजात के लिए नगर पंचायत प्रशासन या पुलिस द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है़ ट्रैफिक व्यवस्था का भी बुरा हाल है़ इस कारण सड़कों पर यातायात व्यवस्था बदहाल है न तो ट्रैफिक पुलिस है और न ही सिग्नल आदि की व्यवस्था है. न ही समुचित पार्किंग की व्यवस्था ही है़ लोग सड़क पर ही यत्र तत्र वाहन भी लगा देते हैं. इससे जाम की बार बार समस्या उत्पन्न होती रहती है. इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. बात अगर अनुमंडल की करें तो यहां ट्रैफिक व्यवस्था कुछ दिन पूर्व होमगार्ड व चौकीदार के भरोसे थी़
नगर पंचायत की 70 हजार की आबादी के अलाव आस पास गांव पंचायत व प्रखंड की लाखों आबादी का अनुमंडल मुख्यालय मुख्य बाजार है़ यहां ट्रैफिक की कोई व्यवस्था नहीं है लोग जैसे तैसे यहां से गुजरते हैं. ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी यहां प्राय: चौकीदार तो कभी होमगार्ड के जवान संभाले नजर आते है़ं. यही हाल जमालपुर अशोक चौक का है, जहां महेशखूंट आगुवानी पथ व 14 नंबर सड़क आपस में मिलती है उक्त चौक पर भी जाम की समस्या बनी रहती है. यहां बाजार में सड़क का अतिक्रमण कर फल सब्जी बेचे जाने तथा जहां तहां सड़क पर वाहन लगाये जाने से भी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है़ पुलिस व्यवस्था की कमी से जाम हर दिन की समस्या है
जमालपुर में जाम का कारण : जमालपुर टावर चौक या बघवा चौक पर फल सब्जी व फुटकर विक्रेता सड़क अतिक्रमित कर दुकान सजाते हैं. इससे सड़कें संकरी हो गयी है वहीं ट्रैफिक पुलिस नहीं रहने से लोग चौक से जैसे तैसे निकलते हैं. इससे भी जाम लगता है. वहीं बाजार में कहीं भी पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं रहने से लोग जैसे तैसे वाहन सड़क किनारे खड़ी कर देते है. इससे भी समस्या होती है
बायपास व ट्रैफिक पुलिस की हो व्यवस्था, तो रुके जाम : जमालपुर में बायपास की समुचित व्यवस्था से बाजार की मुख्य सड़क का भार घटेगा. चौक पर चौकीदार के बदले ट्रैफिक पुलिस रहें, तो वे लोगों से नियम का पालन करा जाम की समस्या से निजात दिला सकते हैं. लेकिन इस ओर प्रशासनिक स्तर पर ट्रैफिक नियंत्रण की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.
कहते हैं अधिकारी
एसडीपीओ राजन कुमार सिन्हा ने बताया कि क्षेत्र में कई जगहों पर ट्रैफिक की समस्या है. जहां ट्रैफिक पुलिस की आवश्यकता है. ट्रैफिक पुलिस की अनुपलब्धता के कारण परेशानी होती है. वैसे वे अपने स्तर से थाना पुलिस या चौकीदारों को चौक चौराहे पर प्रतिनियुक्त कर जाम की समस्या से निजात दिलाने का का प्रयास कर रहे हैं.
