खगड़िया : गरमी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने लगा है और तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है. तेज धूप में निकलने से लोग परहेज करने लगे हैं. मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया. हालांकि सोमवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री गिर कर 35 डिग्री था.
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को तापमान चार डिग्री चढ़कर इस माह के अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जायेगा. बदलता मौसम स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. इस मौसम में बच्चे हों या बड़े, सभी को सावधानी बरतनी चाहिए. इस तरह के मौसम में आंख, चेहरा, बाल से जुड़ी परेशानी के साथ कई तरह की बीमारी होने की आशंका बढ़ जाती है.
तापमान में हो रहा उतार-चढ़ाव
ग्लोबल वार्मिंग के असर से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है. इससे मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव हो रहा है.सुबह होते ही तेज धूप निकलने से वातावरण गरम हो जा रहा है.
इसके साथ ही दिन के 10 बजे से ही गरम हवा चलनी शुरू हो जा रही है. ऐसे में हल्की सी लापरवाही से लोगों को बीमार होना पड़ सकता है. शरीर से ज्यादा पसीना निकल जाने व पानी की कमी के कारण डिहाइड्रेशन, डायरिया जैसी समस्या शुरू हो जाती है. इसलिए कुछ बातों पर विशेष ध्यान रखना चाहिए.डॉक्टर के मुताबिक गरमी में दस्त-शूल के साथ वायरल बुखार, चिकेन पॉक्स, पीलिया, टाइफाइड, सर्दी व खांसी व दमा की बीमारी बढ़ जाती है
