खगड़िया : गोशाला मेला के 127वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर मेला परिसर में आयोजित पांच दिवसीय दंगल के दौरान बुधवार को लखीसराय के फोटो पहलवान ने कठौरा के निरंजन पहलवान को पटखनी देते हुए धूल चटा दी. जबकि रोशन पहलवान ने योगेंद्र पहलवान को हरा कर जीत अपने नाम की.
हरियाणा की महिला पहलवान सपना ने झारखंड की महिला पहलवान रिंकी को पराजित किया. अलौली के राम उदगार पहलवान व कठौरा के निरंजन पहलवान बराबरी पर रहे. आधे से अधिक पहलवान मुकाबले के दौरान बराबरी पर ही रहे. कारेलाल व भागलपुर के योगेंद्र, छतीसगढ़ की साक्षी व भागलपुर की बबीता, गया व हरियाणा की सोनम, धनखेता के धमेंद्र व तोफिर दियारा के अंकित का मुकाबला बराबरी पर रहा. वहीं पुरुष पहलवान राहुल व सोनम के बीच हुआ दंगल भी बराबरी पर रहा.
बराबरी पर रहे पहलवान को गुरुवार को फिर दंगल में उतारा जायेगा. दंगल कमेटी के अध्यक्ष सह केसरी नंदन, व्यायामशाला के अध्यक्ष भारत भूषण देव ने बताया कि दंगल के अंतिम दिन गुरुवार को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को पुरस्कृत किया जायेगा. अंतिम दिनदंगल के दौरान अशोक कुमार सिंह, बबलू, डबलू, मुसहरू सिंह, कृष्ण मोहन, रंजीत कुमार सिंह सहित दंगल के अन्य निर्णायक मंडल सदस्य उपस्थित रहेंगे.
