महेशखूंट : प्राथमिक विद्यालय बिचली टोल महेशखूंट की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों ने बैठक कर प्रधान शिक्षक को हटाने की मांग की. विद्यालय अध्यक्ष नीलम देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने स्कूल में एमडीएम में अनिमितता, सरकारी राशि का गबन, स्कूल भवन निर्माण में लापरवाही समेत प्रधान शिक्षक पर अक्सर स्कूल से गायब रहने का आरोप लगाया.
पंचायत समिति सदस्य विनय कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही डीएम, डीइओ, एसडीओ, बीइओ तथा पंचायत नियोजन इकाई को आवेदन देकर प्रधान शिक्षक के स्थानांतरण की मांग की जायेगी. शिक्षक गोविंद कुमार, शबनम कुमारी को तय समय पर नियमित विद्यालय आने की चेतावनी दी गयी.
मौके पर समन्यवक अशोक कुमार पासवान, पंचायत समिति सदस्य अमरेश कुमार चौरसिया, उपेंद्र यादव, सच्चिदानंद चौरसिया, शैलेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि शंभू पासवान, बासुदेव बिहारी, सुरेंद्र चौरसिया, संजीव चौरसिया आदि ने एक स्वर में कहा कि विद्यालय में कुव्यवस्था के कारण पठन-पाठन ठप हो रहा है. सरकारी योजना से बच्चे वंचित हैं.
उधर, प्रधान शिक्षक अक्सर विद्यालय से गायब रहते हैं. भवन निर्माण को अधूरा छोड़ देने से बच्चों को कठिनाई हो रही है. बैठक के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त प्रस्ताव में सर्वसम्मति से प्रधान शिक्षक को हटाने की मांग की गयी.
इधर, विद्यालय के प्रधान शिक्षक विजय कुमार सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ साजिश की जा रही है.
