चौथम. थाना क्षेत्र के हरदिया पुनर्वास गांव में सोमवार को हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका महिला की पहचान हरदिया पुनर्वास गांव निवासी जनक सिंह की 50 वर्षीय पत्नी शिरोमणि देवी के रूप में की गई. बताया जाता है कि महिला बहियार से घास का बोझा लेकर वापस घर लौट रही थी. इसी बीच रास्ते में हाईटेंशन के लटके हुए तार की चपेट में आने से चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों द्वारा शव को उठाकर लाया गया. स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि बीते रविवार को तेज हवा के कारण हाईटेंशन का तार पूरी तरह से लटक चुका था. और उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी. जिसमें घास लेकर आ रही महिला के घास का बोझा सट जाने से महिला की मौके पर मौत हो गई. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है. घटना की सूचना पर चौथम पुलिस निरीक्षक सह थाना अध्यक्ष के निर्देश पर गश्ती कर रहे थाने के एसआई राजेंद्र कुमार को घटनास्थल पर भेजा गया. इसके बाद चौथम पुलिस के द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये खगड़िया भेज दिया गया. महिला की असमायिक मौत पर परिजनों में कोहराम सा मच गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
