मां-बेटियों की सुरक्षा कर पाने में पुलिस लाचार
खगड़िया: जिले में लगातार हो रही दुष्कर्म की घटना से हर तबका सकते में है. लोगों के बीच इसी बात की चर्चा है कि क्या अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है. इसके पूर्व भी कई ऐसी घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया था. हालांकि पुलिस भी कार्रवाई […]
खगड़िया: जिले में लगातार हो रही दुष्कर्म की घटना से हर तबका सकते में है. लोगों के बीच इसी बात की चर्चा है कि क्या अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है. इसके पूर्व भी कई ऐसी घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया था. हालांकि पुलिस भी कार्रवाई करने में पीछे नहीं हट रही है.
राटन सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने अपराधियों पर तुरंत ही शिकंजा कस लिया था. लेकिन इसके बाद भी क्या कारण है कि पुलिस का भय अपराधियों के मन में नहीं बैठ रहा है. शनिवार को बछौता बहियार में हुई घटना ने एक बार फिर से आम लोगों को इस बहस के लिए मजबूर कर दिया है. लोगों का मानना है कि 60 प्रतिशत ऐसी घटना शराब के कारण हो रही है.
बछौता बहियार में भी पुलिस ने शराब और चखना बरामद किया है. जो इस बात को और पुख्ता कर देता है. हालांकि पुलिस इस मामले में अभी कैसे अनुसंधान कर रही है इस बात का खुलासा पुलिस की ओर से नहीं किया गया है. लेकिन एसपी खुद मामले के जांच के लिए वहां पहुंची जो पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने की एक अच्छी पहल मानी जा रही है. लेकिन कई ऐसे घटनाएं हैं जिसकी जांच उन्होंने स्वयं की और वह अभी तक अनसुलझी है. ज्ञात हो कि चौथम थाना क्षेत्र के कमलपुरा धार के पास भी एक नि:शक्त युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी थी. यह मामला इसलिए बड़ा बन गया था क्योंकि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने उस युवती के लाश को जला दिया था. इस मामले की कई बार जांच हुई. लेकिन अभी तक एक भी अपराधी इस मामले में गिरफ्तार नहीं हुआ. यहां अगर पुलिस सक्रिय होती तो वैज्ञानिक तरीके से एवं खोजी कुत्ते की मदद से अपराधियों तक पहुंचा जा सकता था. ऐसा करने से अपराधियों का मनोबल भी टूटता. लेकिन ऐसा नहीं किया गया. इसी तरह बछौता की घटना के बाद भी ग्रामीण इसी तरह से जांच किये जाने की मांग कर रहे हैं. देखना यह है कि इस मामले को पुलिस कैसे सुलझाती है.
राटन में हुआ था बवाल: गोगरी थाना क्षेत्र के राटन बहियार में जब दुष्कर्म हुआ था तो वहां के लोगों में तनाव का माहौल हो गया था. जहां डीएम व एसपी ने तत्परता के साथ इस मामले को सुलझाया था. बहुत दिनों तक वहां कई थाने के थानाध्यक्ष टीके रहे और अपराधियों को सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया.
चैधा में भी प्रेमी ने दुष्कर्म के बाद कर दी थी हत्या: महेशखूंट थाना क्षेत्र के चैधा बन्नी गांव में हॉल्ट के पास एक युवती की उसके ही प्रेमी ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी. बताया गया था कि वह शिव रात्रि का मेला देखने के लिए घर से निकली थी. जहां उसके प्रेमी ने एकांत में लेजा कर शारीरिक संबंध बनाया था और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी. हालांकि इस मामले का भी खुलासा पुलिस ने कर दिया था.
चौथम वाले मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली: चौथम थाना क्षेत्र के कमलपुरा धार के पास हुई घटना में पुलिस का हाथ अभी तक खाली है. इस मामले की जांच में पुलिस ने कोई कसर नहीं छोड़ी. लेकिन इसके बाद भी हत्यारा खुलेआम घूम रहा है. जबकि जिले के प्रबुद्ध जनों का मानना है कि ऐसी घटना में शामिल अपराधियों की तुरंत पहचान करते हुए उसे सलाखों के पीछे डालना चाहिए ताकि ऐसी घटना की पुर्नावृत्ति न हो.